आग हादसे में पत्नी को खोने वाले व्यापारी परिवार की मदद को आगे आए मंत्री नन्दी, 10 लाख की सहायता और बिटिया की पढ़ाई का लिया जिम्मा
आग हादसे में पत्नी को खोने वाले व्यापारी परिवार की मदद को आगे आए मंत्री नन्दी, 10 लाख की सहायता और बिटिया की पढ़ाई का लिया जिम्मा
प्रयागराज, 07 जून । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के नैनी बाजार में भीषण अग्निकांड में अपनी पत्नी को खोने वाले व्यापारी संजीव कुमार केसरवानी और उनके परिवार की मदद के लिए प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री एवं शहर दक्षिणी विधायक नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी आगे आए हैं।
मंत्री नन्दी ने पीड़ित परिवार को दस लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने तथा नीट की तैयारी कर रही उनकी बेटी की पढ़ाई का पूरा जिम्मा उठाने का आश्वासन दिया है।
गौरतलब है कि 12 मई को नैनी बाजार स्थित व्यापारी संजीव केसरवानी के घर और गोदाम में शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई थी। हादसे में गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया था। वहीं अपने बच्चों को बचाने के प्रयास में उनकी पत्नी अर्चना गुप्ता गंभीर रूप से झुलस गई थीं और बाद में उनकी मृत्यु हो गई थी। इस दर्दनाक घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया।
कुछ दिन पूर्व मंत्री नन्दी पीड़ित परिवार से मिलने उनके घर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने परिवार के सदस्यों का दुख-दर्द सुना और हादसे से जुड़े वीडियो भी देखे, जिनमें आग की लपटों के बीच अर्चना गुप्ता अपने बच्चों को बचाने का प्रयास करती दिखाई दे रही थीं। इस हृदयविदारक घटना से मंत्री भी भावुक हो गए।
मंत्री नन्दी ने परिवार को भरोसा दिलाया कि उनकी होनहार बेटी की नीट की तैयारी किसी भी स्थिति में प्रभावित नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने बेटी की शिक्षा और भविष्य की जिम्मेदारी उठाने का वादा किया। साथ ही आग से पूरी तरह प्रभावित व्यापार को दोबारा खड़ा करने के लिए बिना ब्याज के दस लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया, जिससे परिवार पुनः आत्मनिर्भर बन सके।
मंत्री नन्दी ने कहा कि दुख की इस घड़ी में वह परिवार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं और हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी नैनी के एडीए मोड़ और बारा क्षेत्र में आग से प्रभावित व्यापारी परिवारों की आर्थिक सहायता कर मंत्री नन्दी ने उन्हें संकट से उबरने में सहयोग किया था। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि कठिन परिस्थितियों में मंत्री नन्दी हमेशा मदद के लिए आगे आते रहे हैं और व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।