केडीए की बड़ी कार्रवाई, आठ बीघा में अवैध प्लाटिंग ध्वस्त, तीन बीघा सील
केडीए की बड़ी कार्रवाई, आठ बीघा में अवैध प्लाटिंग ध्वस्त, तीन बीघा सील
कानपुर, 30 जनवरी । कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने अवैध निर्माण और अनधिकृत प्लाटिंग के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। उपाध्यक्ष मदन सिंह गर्ब्याल एवं सचिव अभय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में प्रवर्तन जोन-1बी की टीम ने बिठूर क्षेत्र में लगभग 11 बीघा भूमि पर ध्वस्तीकरण और सीलिंग की कार्रवाई की।
विशेष कार्याधिकारी/उपजिलाधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह के नेतृत्व में कटरी ख्यौरा, कानपुर में लगभग आठ बीघा क्षेत्र में विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया। इस दौरान बिना केडीए से तलपट मानचित्र स्वीकृत कराए और बिना अनुमति विकसित की जा रही प्लाटिंग के तहत बनाए गए रोड, नाला, बाउंड्रीवाल, बिजली के खंभे, पिलर, एंट्री गेट सहित सभी संरचनाएं तीन जेसीबी मशीनों की मदद से पूरी तरह नष्ट कर दी गईं। संबंधित निर्माणकर्ता महादेव तेजा, हरिश्चंद्र, सुरेन्द्र पाल मेहरोत्रा व अन्य बताए गए हैं।
इसके अलावा उ0प्र0 नगर योजना एवं विकास अधिनियम-1973 की धारा 28(क) के तहत आनंदेश्वर धाम सोसाइटी, संडीला, मंधना, कानपुर नगर में स्थित लगभग तीन बीघा भूमि को सील किया गया। यह परिसर शरद अग्रवाल व अन्य के स्वामित्व में बताया गया है, जहां बिना मानचित्र स्वीकृति और बिना अनुमति निर्माण किया गया था।
कार्रवाई के दौरान अवर अभियंता श्रवण कुमार, हिमांशु बर्नवाल, सुपरवाइजर राम औतार, मनोज, राजकुमार, लाल सिंह सहित थाना बिठूर का पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहा।
डॉ. रवि प्रताप सिंह ने बताया कि नवाबगंज, कल्याणपुर और बिठूर थाना क्षेत्रों के अंतर्गत स्थित गांवों में लगभग 15 बीघा क्षेत्रफल की अवैध प्लाटिंग और निर्माण को चिन्हित किया जा चुका है, जिन पर शीघ्र ही सीलिंग व ध्वस्तीकरण की कार्रवाई प्रस्तावित है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध निर्माण के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।