काशी में अहिल्या बाई होल्कर की प्रतिमा तोड़ने का झांसी में विरोध
लोगों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा
झांसी, 29 जनवरी । काशी में मणिकर्णिका घाट पर अहिल्या बाई होल्कर की प्रतिमा तोड़ने व छेड़छाड़ करने वाले लोगों के खिलाफ पाल बघेल समाज के दर्जनों लोग गुरुवार को एकत्रित होकर प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। लोगों ने प्रतिमा तोड़ने व छेड़छाड़ करने वाले लोगों के खिलाफ जांच कर कार्यवाही करने की मांग की है। लोगों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
गुरुवार को पाल बघेल समाज जिला झांसी के तत्वावधान में दर्जनों लोगों ने एकत्रित होकर जीवन शाह तिराहा से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकाला। कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंच कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी मृदुल चौधरी को सौंपते हुए कहा कि काशी में मणिकर्णिका घाट का निर्माण लोक माता अहिल्याबाई होल्कर जी ने कराया था। जिसे काशी नगर निगम प्रशासन द्वारा तोड़ा गया और अहिल्याबाई की प्रतिमा को वहां से हटाते हुए तोड़कर फेंक दिया गया। जिसकी सभी पाल, बघेल,व धनगर समाज निंदा करते हुए रोष व्यक्त करता है। ज्ञापन के माध्यम से सभी ने इसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्यवाही की मंगा की है। इस दौरान सुघर सिंह, एडवोकेट भरत पाल, शिव चरण सहित दर्जनों लोग उपस्थित रहे।