जाैनपुर दीवानी न्यायालय और पुलिस लाइन को बम से उड़ाने की धमकी मिली

जाैनपुर दीवानी न्यायालय और पुलिस लाइन को बम से उड़ाने की धमकी मिली

जाैनपुर दीवानी न्यायालय और पुलिस लाइन को बम से उड़ाने की धमकी मिली

जौनपुर, 17 फरवरी । उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के दीवानी न्यायालय और पुलिस लाइन को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला है। इस सूचना पर पहुंची पुलिस ने बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाड के साथ सघन जांच की। सुरक्षा की दृष्टि से भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने मंगलवार को बताया कि धमकी भरा ईमेल जिला जज की आधिकारिक मेल पर सुबह 10:30 बजे प्राप्त हुआ। इसमे लिखा था कि दोपहर एक बजे से दो बजे के बीच सिविल कोर्ट के गेट नंबर-एक और पुलिस लाइन को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। मेल में 5 से 6 मोबाइल नंबर भी अंकित थे और उन पर पैसे भेजने की मांग करते हुए अन्यथा विस्फोट करने की चेतावनी दी गई थी।

धमकी मिलते ही जिला जज सुशील कुमार शशि ने तत्काल प्रशासनिक आदेश जारी किए और बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुभाष चंद्र यादव को बुलाकर स्थिति से अवगत कराया गया। उन्हाेंने एहतियातन न्यायालय परिसर खाली कराने का निर्देश दिए। सभी न्यायिक अधिकारियों को यह निर्देशित किया गया कि अधिवक्ताओं और वादकारियों की अनुपस्थिति में कोई प्रतिकूल आदेश पारित न किया जाए। इसके बाद अधिवक्ताओं के सहयोग से कचहरी परिसर को व्यवस्थित रूप से खाली कराया गया। सूचना मिलते ही पुलिस बल, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाड ने न्यायालय परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों में व्यापक तलाशी अभियान चलाया। पूरे परिसर की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।

एसएसपी ने बताया कि फिलहाल दीवानी न्यायालय परिसर खाली करा लिया गया है और स्थिति नियंत्रण में है। पुलिस ईमेल की जांच कर स्रोत का पता लगाने में जुटी है। वहीं, जनपद पुलिस की ऑफिसियल ई-मेल पर पुलिस लाइन व जनपद न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। इस सूचना पर एहतियातन न्यायालय परिसर को खाली कराकर सुरक्षा के पर्याप्त बंदोबस्त किये गए।

बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुभाष चंद्र यादव ने बताया कि इस प्रकार की धमकी पहले कभी प्राप्त नहीं हुई थी। हालांकि सभी पदाधिकारी और अधिवक्ता गण पुलिस का सहयोग कर रहे हैं।--------------