कानपुर में ग्राम प्रधान के पति ने घर में फांसी लगाकर दी जान
कानपुर में ग्राम प्रधान के पति ने घर में फांसी लगाकर दी जान
कानपुर, 27 मई। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर के चौबेपुर थाना क्षेत्र के बोझा गांव में ग्राम प्रधान के पति ने बुधवार को घर के कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
मृतक की पहचान बोझा गांव निवासी अरुण कुमार (35) के रूप में हुई है। अरुण पेशे से चालक थे और कानपुर के एक व्यापारी की डीसीएम चलाते थे। अरुण की पत्नी पूजा देवी गांव की ग्राम प्रधान हैं। परिवार में पत्नी, छह वर्षीय बेटा और तीन वर्षीय बेटी हैं। जानकारी के अनुसार अरुण मंगलवार को छुट्टी लेकर घर आए थे। रात में खाना खाने के बाद वह अपने कमरे में चले गए। बुधवार तड़के काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को चिंता हुई। इसी दौरान कमरे के अंदर अरुण फंदे से लटके मिले। यह देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई।
शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें नीचे उतारा और उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंच पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चौबेपुर थाना प्रभारी दुर्गेश ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।