ट्रिपल आईटी : भारतीय सेना में कैरियर के अवसरः नेतृत्व, अनुशासन और राष्ट्र सेवा पर व्याख्यान
ट्रिपल आईटी : भारतीय सेना में कैरियर के अवसरः नेतृत्व, अनुशासन और राष्ट्र सेवा पर व्याख्यान
प्रयागराज, 09 नवम्बर । भारतीय सेना के आउटरीच कार्यक्रम के अंतर्गत रविवार को भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान, इलाहाबाद (ट्रिपल आईटी) के झलवा परिसर में “भारतीय सेना में कैरियर के अवसरः नेतृत्व, अनुशासन और राष्ट्र सेवा“ विषय पर व्याख्यान का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर विशिष्ट वक्ता, मेजर जनरल धर्म राज राय, एसएम, वीएसएम, ने भारतीय सेना के साथ-साथ नौसेना और वायु सेना में विविध कैरियर संभावनाओं के बारे में अपने व्यापक अनुभव और गहन अंतर्दृष्टि साझा की। उनके व्याख्यान ने पेशेवर तत्परता, व्यक्तिगत विकास और राष्ट्र सेवा की भावना पर अमूल्य मार्गदर्शन प्रदान किया।
उन्होंने बताया कि इस सत्र का उद्देश्य छात्रों विशेषकर बी.टेक (आईटी और ईसी) के छात्रों को नेतृत्व, अनुशासन और राष्ट्र सेवा के उन मूल्यों को समझने के लिए प्रेरित करना था जो भारतीय सशस्त्र बलों की पहचान हैं।
ट्रिपल आईटी इलाहाबाद की एसोसिएट प्रोफेसर और एसोसिएट एनसीसी अधिकारी (एएनओ) लेफ्टिनेंट डॉ. प्रज्ञा सिंह ने नेतृत्व, अनुशासन और सेवा अपने दृष्टिकोण से छात्रों को परिचय कराया। उन्होंने ज्ञानवर्धक और प्रेरक व्याख्यान के लिए मेजर जनरल राय का आभार व्यक्त किया।
ट्रिपल आईटी के मीडिया प्रभारी डॉ पंकज मिश्र ने बताया कि संस्थान के कैडेटों ने हाल में ही यूनाइटेड कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड रिसर्च (यूसीईआर), नैनी में आयोजित एनसीसी संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (सीएटीसी-74) में असाधारण प्रदर्शन किया। ट्रिपल आईटी की सीनियर विंग (बालिका) वॉलीबॉल टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक प्राप्त किया, जो उनके कौशल और समर्पण का परिचायक है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में, कैडेट सृजन गावंडे (द्वितीय वर्ष) ने एकल नृत्य प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर संस्थान का नाम और ऊंचा किया।
आईआईआईटी से, 23 कैडेटों ने शिविर में भाग लिया, जिनमें 15 सीनियर डिवीजन (एसडी) और 8 सीनियर विंग (एसडब्ल्यू) कैडेट शामिल थे। कैडेटों ने विभिन्न खेल और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी बहुमुखी प्रतिभा और टीम भावना का परिचय दिया।
पीआरओ ने बताया कि यह शिविर आईआईआईटी की लेफ्टिनेंट कर्नल राजेश्वरी प्रसाद और एएनओ लेफ्टिनेंट डॉ. प्रज्ञा सिंह के साथ-साथ विभिन्न संस्थानों के अन्य एएनओ की देखरेख में आयोजित किया गया था। दस दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 575 कैडेटों ने भाग लिया, जिसमें शारीरिक प्रशिक्षण, ड्रिल, हथियार संचालन, मानचित्र वाचन और नेतृत्व विकास पर ध्यान केंद्रित किया गया था। जिसका उद्देश्य कैडेटों में अनुशासन, टीम वर्क और आत्मविश्वास को बढ़ावा देना था।