लखनऊ: महाराणा प्रताप गेट से राजनाथ सिंह और ब्रजेश पाठक का नाम गायब, भाजपा पार्षदों ने जताया विरोध
लखनऊ: महाराणा प्रताप गेट से राजनाथ सिंह और ब्रजेश पाठक का नाम गायब, भाजपा पार्षदों ने जताया विरोध
लखनऊ, 9 नवंबर । लखनऊ में हुसैनगंज चौराहे स्थित महाराणा प्रताप गेट से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक का नाम हटाए जाने के बाद विवाद तेज हो गया है। भाजपा पार्षदों ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ तीव्र विरोध दर्ज कराया और इस निर्णय को “अनुचित और असंवेदनशील” बताया।
भाजपा पार्षदों का कहना है कि यह गेट नगर निगम की पहल पर क्षेत्र के विकास और शहर की गौरवशाली परंपरा को दर्शाने के उद्देश्य से बनाया गया था। गेट पर लगे शिलापट्ट में वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों के नाम शामिल थे, लेकिन हाल ही में बिना किसी सूचना या प्रस्ताव के उन्हें हटा दिया गया। पार्षदों ने इसे राजनीतिक मंशा से प्रेरित कदम बताते हुए गेट पर पुनः नाम अंकित करने की मांग की है।
नगर आयुक्त गाैरव कुमार ने बताया कि यह परिवर्तन तकनीकी कारणों से अस्थायी है और संबंधित विभाग से रिपोर्ट तलब की गई है। साथ ही मामले की समीक्षा अगले सप्ताह की जाएगी। वहीं स्थानीय नागरिकों ने भी इस घटनाक्रम पर नाराजगी जताई और इसे नगर निगम की प्रशासनिक लापरवाही बताया।