ट्रिपलआईटी-प्रयागराज का 12 अगस्त को मनाया जाएगा 28वां स्थापना दिवस
उपलब्धियों से भविष्य की संभावनाओं तक होगा मंथन, डॉ. एन. सुब्रमणियन और डॉ. संजय एम. तर्डे होंगे विशिष्ट अतिथि
प्रयागराज, 11 अगस्त । भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपलआईटी) प्रयागराज का 28वां स्थापना दिवस समारोह 12 अगस्त को संस्थान के मुख्य सभागार में आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी मंगलवार को संस्थान के जनसंपर्क अधिकारी पंकज मिश्रा ने दी। समारोह में संस्थान की 28 वर्षों की विकास यात्रा, उपलब्धियों और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा होगी। शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और उभरती तकनीकों के क्षेत्र में संस्थान की भूमिका को और मजबूत करने की दिशा पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
समारोह का शुभारंभ वृक्षारोपण से होगा। इसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास का संदेश दिया जाएगा। परिसर में पौधरोपण के साथ विद्यार्थियों और संस्थान परिवार को पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
स्थापना दिवस समारोह में ‘अतीत का अवलोकन एवं भविष्य की संभावनाएं’ विषय पर विशेष सत्र आयोजित होगा। इसमें प्रो. एस. वर्मा और संस्थान के निदेशक प्रो. शेखर वर्मा संस्थान की स्थापना से अब तक की विकास यात्रा, प्रमुख उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर अपने विचार रखेंगे। सत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता, मशीन लर्निंग, साइबर सुरक्षा, डिजिटल परिवर्तन और अन्य उभरती तकनीकों के तेजी से बदलते दौर में ट्रिपलआईटी-इलाहाबाद की भूमिका पर भी चर्चा होगी। साथ ही शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में संस्थान को और आगे ले जाने की रणनीति पर मंथन किया जाएगा।
साइबर सुरक्षा और सुरक्षित डिजिटल व्यवस्था पर होगा मार्गदर्शन
समारोह के विशिष्ट अतिथि डॉ. एन. सुब्रमणियन, निदेशक, सोसाइटी फॉर इलेक्ट्रॉनिक ट्रांजैक्शंस एंड सिक्योरिटी (SETS), चेन्नई होंगे। वे विद्यार्थियों और शोधार्थियों को तकनीकी विकास, इलेक्ट्रॉनिक सुरक्षा तथा सुरक्षित डिजिटल प्रणालियों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन देंगे। वर्तमान समय में बढ़ती साइबर चुनौतियों को देखते हुए उनका व्याख्यान विद्यार्थियों के लिए विशेष उपयोगी होगा।
वहीं, डॉ. संजय एम. तर्डे, आईपीएस एवं उत्तर प्रदेश पुलिस के सेवानिवृत्त महानिदेशक भी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वे विद्यार्थियों के साथ अपने प्रशासनिक एवं पुलिस सेवा के अनुभव साझा करेंगे। साथ ही नेतृत्व, जनसेवा, सुरक्षा और डिजिटल युग की चुनौतियों पर अपने विचार रखेंगे।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को मिलेगा सम्मान
समारोह के दौरान स्मृति चिह्न और पुरस्कार वितरण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों और प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा। डॉ. केपी सिंह, डीन (छात्र मामले) ने बताया कि स्थापना दिवस समारोह का दूसरा चरण शाम छह बजे से रात नौ बजे तक आयोजित होगा। इसमें संस्थान के विद्यार्थी गीत, संगीत, नृत्य और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
ट्रिपलआईटी प्रयागराज का 28वां स्थापना दिवस संस्थान की गौरवशाली यात्रा को याद करने, वर्तमान उपलब्धियों को सम्मान देने और भविष्य की नई ऊंचाइयों के लिए संकल्प लेने का अवसर होगा। समारोह के माध्यम से संस्थान शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और तकनीकी उत्कृष्टता के क्षेत्र में अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत करने का संदेश देगा।