सावन के हर सोमवार को स्कूलों में छुट्टी, बरेली डीएम ने जारी किया आदेश
सावन के हर सोमवार को स्कूलों में छुट्टी, बरेली डीएम ने जारी किया आदेश
बरेली, 12 जुलाई ( सावन माह में शिवभक्तों की आस्था और शहर की व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए डीएम अविनाश कुमार सिंह ने बड़ा फैसला लिया है। कांवड़ यात्रा और मंदिरों में उमड़ने वाली भीड़ के चलते शहर के स्कूल-कॉलेजों में छात्रों की छुट्टी घोषित कर दी गई है। यह आदेश श्रावण मास के हर सोमवार को लागू रहेगा।
दरअसल, सावन के सोमवार को दिल्ली रोड और बदायूं रोड पर शिवभक्तों की भारी भीड़ जुटती है। जगह-जगह लगने वाले जाम के कारण स्कूली बच्चों को आने-जाने में मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। साथ ही हादसों की आशंका भी बनी रहती है। ऐसे में डीएम ने एहतियातन छुट्टी देने का निर्णय लिया है।
डीएम द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, यूपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई सहित सभी बोर्डों के स्कूल, टेक्निकल कॉलेज, आईटीआई, पॉलिटेक्निक और डिग्री कॉलेजों में छात्रों की छुट्टी रहेगी। हालांकि, शिक्षण और गैर-शिक्षण स्टाफ को नियमित रूप से उपस्थित रहना होगा।
यह आदेश खासतौर पर दिल्ली रोड और बदायूं रोड के पांच किलोमीटर के दायरे में आने वाले सभी शिक्षण संस्थानों पर लागू होगा। हालांकि, यदि किसी विश्वविद्यालय, बोर्ड या आयोग की पहले से तय परीक्षा है तो वह निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही कराई जाएगी।
प्रशासन का मानना है कि यह फैसला बच्चों की सुरक्षा और शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिहाज से बेहद जरूरी है। सावन में कांवड़ यात्रा के दौरान व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है।