दिल्ली धमाके के बाद गुरुग्राम पुलिस हाई अलर्ट पर
दिल्ली धमाके के बाद गुरुग्राम पुलिस हाई अलर्ट पर
गुरुग्राम, 10 नवंबर । दिल्ली में लालकिला के पास एक कार में बम धमाके के बाद गुरुग्राम पुलिस हाई अलर्ट हो गई। पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी है। पुलिस कमिश्नर ने सभी पुलिस अधिकारियों को स्टेशन नहीं छोड़ने के आदेश दिया है। बता दें कि दिल्ली में सोमवार की शाम को लालकिला के पास एक कार में जोरदार धमाका हुआ। इस हादसे में आठ लोगों की दर्दनाक मौत की सूचना है। उस जगह पर खड़ी अन्य कई गाड़ियों के भी परखच्चे उड़ गए। इस घटना के बाद गुरुग्राम पुलिस हाई अलर्ट हो गई है। पुलिस कमिश्नर विकास कुमार अरोड़ा ने गुरुग्राम में सभी डीसीपी, एसीपी, थाना और चौकी इंचार्जों को अपने अपने क्षेत्र में चैकिंग गतिविधियां बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्टेशन छोड़ने से मनाही कर दी है।
डीसीपी हेडक्वार्टर डॉ. अर्पित जैन ने कहा कि पूरा गुरुग्राम पुलिस बल हाईअलर्ट मोड पर है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए हम पूरी तरह तैयार हैं।
बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, मेट्रो स्टेशन, शॉपिंग मॉल, मार्केट, धार्मिक स्थल और अन्य भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस की विशेष टीमें 24 घंटे निगरानी कर रही हैं।