सरकारी नौकरियां घट रही हैं : संजय सिंह

सरकारी नौकरियां घट रही हैं : संजय सिंह

सरकारी नौकरियां घट रही हैं : संजय सिंह

अयोध्या, 13 नवंबर  उत्तर प्रदेश में बेरोजगारी और सामाजिक असमानता के खिलाफ आम आदमी पार्टी की "रोजगार दो–सामाजिक न्याय दो" पदयात्रा आआप सांसद एवं प्रदेश प्रभारी संजय सिंह के नेतृत्व में गुरुवार को अयोध्या के चांदपुर, हरबंशपुर, धबासेमर से होती हुई बीकापुर पहुंची। रास्ते में जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा का गर्मजोशी से स्वागत किया।

इस मौके पर संजय सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे बेरोजगार राज्य बन गया है। सरकारी नौकरियां घट रही हैं। किसान व छोटे उद्योगपति आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि आशा बहुएं, आंगनबाड़ी, शिक्षा मित्र और अनुदेशक आज भी नियमितीकरण की प्रतीक्षा में हैं।

सांसद ने आरोप लगाया कि आरक्षण में हेराफेरी और जातीय भेदभाव की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि यह पदयात्रा किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि युवाओं को रोजगार और समाज के वंचित वर्गों को न्याय दिलाने की लड़ाई है। संजय सिंह ने जनता से अपील की कि वे अपने हक और सम्मान की लड़ाई में साथ आएं। उन्होंने कहा कि हर नौजवान को रोजगार और हर नागरिक को बराबरी का अधिकार मिलने तक यह संघर्ष जारी रहेगा। गौरतलब है कि 13 दिनों तक चलने वाली यह लगभग 200 किलोमीटर लंबी पदयात्रा अयोध्या से शुरू होकर सुल्तानपुर और अमेठी होते हुए प्रयागराज पहुंचेगी।