गैंगस्टर मामले में फरार पच्चीस हजार का ईनामी गिरफ्तार
गैंगस्टर मामले में फरार पच्चीस हजार का ईनामी गिरफ्तार
प्रयागराज, 16 मई। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित धूमनगंज थाने की पुलिस टीम ने शनिवार को पच्चीस हजार के ईनामी आरोपित को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपित गैंगेस्टर एक्ट मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद से फरार था। जिसे पुलिस टीम ने आरोपित को एसटीपी प्लांट गयासुद्दीनपुर के पास से गिरफ्तार किया।
पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित धूमनगंज के काशीराम कॉलोनी नीमसराय मुंडेरा निवासी रितेश पाल उर्फ सोनू पाल उर्फ विनय पाल है। इसके खिलाफ नगर के सिविल लाइंस थाने में पंजीकृत मुकदमा अपराध संख्या 193/2019 धारा 2/3 गैंगेस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके साथ ही धूमनगंज थाने में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 163/2025 धारा 304(2) बीएनएस में 25 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित था।
गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ लूट, चोरी, गैंगेस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और धोखाधड़ी समेत करीब 27 मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ सिविल लाइंस, धूमनगंज, जॉर्ज टाउन, घूरपुर, खुल्दाबाद, कीडगंज और बारा थानों में गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
डीसीपी नगर ने बताया कि फरार और ईनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी धूमनगंज निरीक्षक धनंजय कुमार पांडेय, उपनिरीक्षक मनीष सिंह यादव, उपनिरीक्षक सागर सहित पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल रहे।