बिहार में बेचने के लिए ले जा रहे थे शराब, चार गिरफ्तार
बिहार में बेचने के लिए ले जा रहे थे शराब, चार गिरफ्तार
प्रयागराज,16अगस्त। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में नैनी पुलिस टीम ने रविवार को शराब के अवैध कारोबार करने के मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि बिहार में दोगुने दाम पर शराब बेचने वाले गिरोह के कब्जे से पांच बैग और दो अटैची में रखी विभिन्न कंपनियों की 33 बोतल और 250 क्वार्टर अंग्रेजी शराब बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। यह जानकारी पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने दी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में बिहार के पटना जिले के खाजेकला थाना क्षेत्र के मुगलपुरा गांव निवासी शुभम राजन , पटना के मोकामा निवासी शिवम कुमार , रविशंकर कुमार निवासी पंजाबी वार्ड नंबर-1, लखीसराय, बिहार और राहुल कुमार निवासी टेहटा, थाना मुकदुमपुर, जहानाबाद, बिहार है। उन्होंने बताया कि 15 अगस्त की रात नैनी पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग अवैध शराब लेकर बिहार जाने की तैयारी में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मेवा लाल बगिया के पास घेराबंदी की। इस दौरान चार संदिग्धों को पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उनके पास मौजूद पांच बैग और दो अटैचियों से विभिन्न कंपनियों की 33 बोतल और 250 क्वार्टर अंग्रेजी शराब तथा चार किंगफिशर बीयर बरामद हुई। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे यहां से शराब खरीदकर बिहार ले जाते हैं और वहां दोगुने दाम पर बेचते हैं। इससे मिलने वाले पैसे से वे अपने घर का खर्च चलाते हैं। आरोपितों ने बताया कि वह शराब बेचने के लिए बिहार जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
पुलिस ने इस संबंध में चारों के खिलाफ नैनी थाने में मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक बृजकिशोर गौतम, उपनिरीक्षक राधेश्याम सिंह और कांस्टेबल अनीस राय शामिल रहे।अवैध शराब के खिलाफ लगातार कार्रवाई : डीसीपीपुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चंद्र यादव ने बताया कि अवैध शराब की तस्करी और बिक्री के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चला रही है। नैनी पुलिस ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद हुई है। आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अवैध शराब के कारोबार में शामिल अन्य लोगों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।