अखिल विश्व गायत्री ज्योति कलश यात्रा में जगह-जगह हुई पुष्पवर्षा

अखिल विश्व गायत्री ज्योति कलश यात्रा में जगह-जगह हुई पुष्पवर्षा

अखिल विश्व गायत्री ज्योति कलश यात्रा में जगह-जगह हुई पुष्पवर्षा

औरैया, 21 जून । अखिल विश्व गायत्री ज्योति कलश यात्रा के रविवार को उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल कस्बे में पहुंचने पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत माहौल देखने को मिला। टोल प्लाजा सहित कस्बे के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया। इस दौरान गायत्री माता की प्रतिमा का पूजन-अर्चन कर भक्तों ने विश्व शांति और मानव कल्याण की कामना की।

हरिद्वार स्थित शांतिकुंज से सौ वर्षों से प्रज्वलित अखंड ज्योति के साथ निकली यह पावन ज्योति कलश यात्रा पूरे भारत का भ्रमण कर रही है। यात्रा के अजीतमल पहुंचने पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। बाबरपुर तिराहे के पास नादान वर्मा, अजीतमल तिराहे पर पांडेय जी क्लिनिक, तुलसी जनरल स्टोर, शीतला माता मंदिर, अवध मेडिकल स्टोर सहित कई स्थानों पर लोगों ने यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का माल्यार्पण एवं तिलक कर स्वागत किया। कई स्थानों पर भक्तों के लिए जलपान एवं विश्राम की व्यवस्था भी की गई।

जिला समन्वयक डॉ. हरीबाबू गुप्ता ने बताया कि यह ज्योति कलश यात्रा जिले के सभी ब्लॉकों से होते हुए पुनः हरिद्वार पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि यात्रा का उद्देश्य समाज में नैतिक मूल्यों का प्रसार, आध्यात्मिक चेतना जागृत करना एवं विश्व शांति का संदेश देना है।

कलश यात्रा कस्बे के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए हाईवे स्थित कान्हा इंटरनेशनल पहुंची। यहां श्रद्धालुओं के ठहरने एवं भोजन की विशेष व्यवस्था की गई। शाम को यात्रा पुनः ग्राम मौहारी के लिए रवाना होगी।

इस अवसर पर डॉ. हरीबाबू गुप्ता, प्रदीप अवस्थी, धीरज मिश्रा, सभासद ओपी बाथम, सुमन दुबे, सुधा त्रिपाठी, गायत्री परिवार के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।