मोनालिसा प्रकरण में सच्चाई सामने लाने का दावा, 15 मार्च को महेश्वर पहुंचेंगे फिल्म निर्देशक सनोज
युवती को साजिश के तहत केरल ले जाकर शादी कराने का आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग
लखनऊ, 14 मार्च । प्रयागराज महाकुम्भ से चर्चा में आई मोनालिसा के विवाह को लेकर विवाद तेज हो गया है। फिल्म निर्देशक सनोज मिश्रा ने इसे गंभीर सामाजिक मुद्दा बताते हुए पूरे मामले की जांच की मांग की है। साथ ही सरकार और संत समाज से हस्तक्षेप की अपील की है। उन्होंने 15 मार्च को मोनालिसा के गांव महेश्वर जनपद खरगोन मध्य प्रदेश पहुंचकर परिवार से मुलाकात करने और सच्चाई सामने लाने का दावा किया है।
फिल्म निर्देशक सनोज मिश्रा ने सोशल मीडिया फेसबुक पर एक वीडियो संदेश जारी कर देशवासियों से अपील की है कि महाकुम्भ की आइकॉन के रूप में चर्चित रही मोनालिसा के विवाह के मामले को गंभीरता से लिया जाए। उन्होंने दावा किया कि युवती को एक साजिश के तहत केरल ले जाकर शादी कराई गई और इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
परिवार की आवाज दबाई जा रही
फिल्म निर्देशक मिश्रा ने कहा कि वह 15 मार्च को युवती के गांव महेश्वर पहुंचकर उसके पिता और परिवार के लोगों से मुलाकात करेंगे। उनका कहना है कि परिवार की आवाज दबाई जा रही है और उनकी बात किसी मंच पर ठीक से नहीं सुनी जा रही है। उन्होंने कहा कि इस मामले की सच्चाई सामने आनी चाहिए, ताकि समाज में किसी तरह की गलत परंपरा या भ्रम को बढ़ावा न मिले।
संत समाज से आगे आने की अपील
फिल्म निर्देशक ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ संगठन सुनियोजित तरीके से ऐसे मामलों को बढ़ावा देकर समाज को प्रभावित करने का प्रयास करते हैं। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। उन्होंने संत समाज से भी इस मुद्दे पर आगे आने की अपील की और कहा कि देश के संत-महात्माओं तथा सामाजिक संगठनों को इस मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए पहल करनी चाहिए।
केंद्र और राज्य सरकार से मामले की जांच की मांग
सुनोज मिश्रा ने केंद्र और राज्य सरकारों से भी इस प्रकरण का संज्ञान लेने की मांग की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव से मामले की जांच कराने और सच सामने लाने की अपील की है। फिल्म निर्देशक ने लोगों से 15 मार्च को महेश्वर पहुंचकर परिवार का पक्ष सुनने और मामले की सच्चाई जानने की भी अपील की है।