रबी फसलों के नि:शुल्क बीज का मिनीकिट प्राप्त करने को किसान भाई ऑनलाइन करें आवेदन
रबी फसलों के नि:शुल्क बीज का मिनीकिट प्राप्त करने को किसान भाई ऑनलाइन करें आवेदन
प्रयागराज,02 सितम्बर योगी सरकार किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए नि:शुल्क बीज का मिनीकिट दे रही है। वित्तीय वर्ष 2025—26 के रबी फसलों का बीज उपलब्ध कराने के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगा है। यह जानकारी मंगलवार को उप कृषि निदेशक प्रयागराज पवन कुमार विश्वकर्मा ने दी।
उन्होंने बताया कि किसान भाइयों को सरकार नि:शुल्क दलहनी व तिलहनी फसलों के बीज चना, मटर, मसूर, एवं सरसों दे रही है। वित्तीय वर्ष 2025—26 में दलहनी फसलें चना का बीज 16 किलोग्राम, मटर का बीज 20 किलोग्राम, मसूर का बीज 8 किलोग्राम और सरसों का बीज 2 किलोग्राम दिया जाएगा।
यहां करें आवेदन
उप कृषि निदेशक ने बताया कि किसान भाइयों को यह लाभ पाने के लिए कृषि दर्शन-2 पोर्टल ( https://agridarshan.up.gov.in ) पर अनिवार्य रूप से ऑनलाइन आवेदन करना होगा। किसान भाई आज से ही आवेदन कर सकते है। हालांकि 25 सितम्बर को आवेदन करने की अन्तिम तिथि है।
उन्होंने बताया कि यदि मिनीकिट का लाभार्थियों की संख्या अधिक होगी तो इसका चयन ई-लॉटरी पद्धति द्वारा जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय समिति के माध्यम से पारदर्शी ढंग से किया जाएगा।
एक किसान को मात्र एक ही फसल का बीज दिया जाएगा। जिनका कृषि विभाग में पंजीकृत कृषक ही मिनीकिट के लिए बुकिंग या आवेदन कर सकेगा। प्रयागराज जिले में लक्ष्य से अधिक आवेदन होने की स्थिति में लॉटरी के माध्यम से चयन किया जाएगा।