गड़बड़ा धाम में उमड़ी आस्था, 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए मां शीतला के दर्शन
गड़बड़ा धाम में उमड़ी आस्था, 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए मां शीतला के दर्शन
मीरजापुर, 24 नवंबर । उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जनपर में हलिया क्षेत्र स्थित सुप्रसिद्ध गड़बड़ा धाम में सोमवार को गंवई मेला अवसर पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही महिलाएं व पुरुष श्रद्धालु लंबी कतारों में लगकर मां शीतला का दर्शन-पूजन करते रहे। मेला आयोजन में लगभग 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने शामिल होकर अपनी मनोकामनाएं पूर्ण होने की कामना की। मध्यप्रदेश, प्रयागराज सहित आसपास के जनपदों से बड़ी संख्या में भक्त नाब दान में जल चढ़ाकर लौटे।
व्यवस्थाओं को परखने के लिए सीओ अशोक कुमार सिंह व बीडीओ हलिया विजय शंकर त्रिपाठी गड़बड़ा धाम पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर सफाई, पेयजल, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। बीडीओ ने मोबाइल शौचालयों की व्यवस्था पर विशेष ध्यान देते हुए एडीओ पंचायत को सफाई और पानी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
भीड़ नियंत्रण को लेकर थानाध्यक्ष हलिया राजीव कुमार श्रीवास्तव, इंस्पेक्टर लालगंज अभय कुमार सिंह, पुलिस बल व पीएसी तैनात रहे। बड़े वाहनों की भीड़ न बढ़े, इसके लिए एक किलोमीटर पहले दो बैरियर लगाकर पार्किंग की व्यवस्था की गई।
हालांकि, मेला परिसर में खोया-पाया केंद्र न होने और अलाउंस सिस्टम न चलने से कई लोग असुविधा में पड़ गए। प्रशासनिक अधिकारियों ने सुरक्षा और व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए।
मंदिर प्रबंधक सुभाष चंद्र शुक्ल व ज्ञानचंद शुक्ल की देखरेख में मेला चलता रहा। मंदिर के पुजारी मंगलधारी मिश्र ने बताया कि गंवई मेला में करीब 50 हजार श्रद्धालुओं ने मां शीतला का दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।