आमजन की समस्याओं के समाधान पर निगरानी रखें जनपदीय पुलिस अधिकारी : मुख्यमंत्री योगी

जनता दर्शन में प्रदेशभर से आए हर पीड़ित से मिले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

आमजन की समस्याओं के समाधान पर निगरानी रखें जनपदीय पुलिस अधिकारी : मुख्यमंत्री योगी

लखनऊ, 1 दिसंबर । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास पर ‘जनता दर्शन’ में फरियादियों की समस्याओं को सुनाऔर उन्हें निराकरण का भरोसा देते हुए अधिकारियों को निस्तारण करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने जनपदों में तैनात पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देशित किया कि पीड़ितों की समस्याओं के स्थानीय स्तर पर समाधान पर विशेष जोर दें। पुलिस से जुड़े मामलों में निष्पक्षता व पारदर्शितापूर्वक कार्रवाई पर अधिकारी विशेष ध्यान दें।

लखनऊ 5 कालीदास मार्ग पर ‘जनता दर्शन’ में 42 से अधिक फरियादी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर से हर पीड़ित से मुलाकात की। उनका प्रार्थना पत्र लिया और समस्याओं के निदान का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री के इस ‘जनता दर्शन’ में जमीनी विवाद, राजस्व व पुलिस से संबंधित भी कई मामले आए। इस पर मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि पुलिस कार्रवाई निष्पक्षता व पारदर्शिता से सुनिश्चित की जाए। पुलिस आयुक्त, एडीजी, एसएसपी व एसपी जनता की समस्याओं की निगरानी रखें और प्रमुखता से उसके निस्तारण पर ध्यान दें।

जनता दरबार में दो पीड़ितों ने मुख्यमंत्री से अतिरिक्त आर्थिक सहायता की गुहार लगाई। इस पर मुख्यमंत्री ने दोनों फरियादियों को मदद का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर पीड़ित की मदद के लिए खड़ी है। चिकित्सा के लिए नियमित रूप से पीड़ितों को आर्थिक मदद की जा रही है। आप भी एस्टिमेट बनवाकर उपलब्ध कराएं, सरकार मदद करेगी। ‘जनता दर्शन’ के दौरान अभिभावकों के साथ कुछ बच्चे भी आए थे। मुख्यमंत्री ने उन बच्चों को अपनत्व से दुलारा-पुचकारा, फिर उन्हें चॉकलेट दी। मुख्यमंत्री योगी ने कुछ बच्चों का हालचाल भी जाना। उन्हें मन लगाकर पढ़ने और खूब नाम करने का आशीर्वाद दिया।