चुनार से खुलेगा दुनिया का बाजार, निर्यात सुविधा केंद्र से किसानों को मिलेगी नई उड़ान

चुनार से खुलेगा दुनिया का बाजार, निर्यात सुविधा केंद्र से किसानों को मिलेगी नई उड़ान

चुनार से खुलेगा दुनिया का बाजार, निर्यात सुविधा केंद्र से किसानों को मिलेगी नई उड़ान

मीरजापुर, 14 फ़रवरी । केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री एवं मीरजापुर की सांसद अनुप्रिया पटेल ने शनिवार को चुनार स्थित नवनिर्मित सरदार वल्लभभाई पटेल निर्यात सुविधा केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि अब क्षेत्र के किसान अपने अनाज, फल, सब्जियां, मसाले और मत्स्य उत्पाद सीधे वैश्विक बाजार तक भेज सकेंगे। इससे न केवल मीरजापुर बल्कि आसपास के जिलों के किसानों की आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की सोच है कि देश का किसान सीधे अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जुड़े। इसी उद्देश्य से कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण ने करीब 30 करोड़ रुपये की लागत से इस अत्याधुनिक केंद्र का निर्माण कराया है।

मंत्री ने कार्यालय कक्ष, किसानों के प्रशिक्षण के लिए सभागार, प्रयोगशाला और पैकेजिंग यूनिट का अवलोकन किया तथा उप महाप्रबंधक व क्षेत्रीय प्रभारी डॉ. सीबी सिंह से विस्तृत जानकारी ली। परिसर में पैकिंग एरिया, स्टेटिंग एरिया, एमपीडा, स्पाइस बोर्ड व ईसीआई की प्रयोगशाला एवं पैकिंग इकाई स्थापित की गई है, जिससे निर्यात से जुड़ी सभी सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगी।

उन्होंने बताया कि कृषक उत्पादक संगठनों के माध्यम से किसानों को जोड़कर निर्यात को बढ़ावा दिया जाएगा और नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम भी संचालित किए जाएंगे। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।