आत्मनिर्भर, विकसित और समावेशी भारत बनाने की नींव है केंद्रीय बजट : महेश त्रिवेदी
आत्मनिर्भर, विकसित और समावेशी भारत बनाने की नींव है केंद्रीय बजट : महेश त्रिवेदी
कानपुर, 14 फ़रवरी। केंद्रीय बजट 2026 केवल आंकड़ों का लेखा जोखा नहीं है बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047, समावेशी और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने की नींव है। युवाओं को रोजगार पाने वाला ही नहीं देने वाला भी बनना चाहिए। यह बातें किदवई नगर विधानसभाक्षेत्र के विधायक महेश त्रिवेदी ने शनिवार को किदवई नगर स्थित वेडिंग वेल गेस्ट हाऊस में आयोजित बजट संगोष्ठी में व्यापारियों को संबोधित करते हुए कही।
महेश त्रिवेदी ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब हमारे युवाओं के हाथों में रोजगार होगा। केंद्रीय बजट देश को स्थिरता से समृद्धि की ओर ले जाने वाला दूरदर्शी और जनकल्याणकारी बजट है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार की दिशा में यह मील का पत्थर साबित होगा। केंद्रीय बजट में आर्थिक विकास की गति, जनता की अपेक्षाओं की पूर्ति, सुशासन के साथ सबको साथ लेकर चलने की तैयारी है। किसान, युवा, महिला और गरीब को केंद्र में रख कर देश के समग्र विकास का रोड मैप तैयार किया गया है।
उन्होंने कहा कि गांव, गरीब और किसान को मजबूत किये बिना देश सशक्त नहीं हो सकता। केंद्रीय बजट में इसी मूल भावना को प्रतिबिंबित किया गया है।
यहां जय प्रकाश कुशवाहा, अचल गुप्ता, जसविंदर सिंह,अरविन्द वर्मा, संजय कटियार, मीडिया प्रभारी मनीष त्रिपाठी, प्रवीन गुप्ता, पार्षद मनीष मिश्रा, विनीत दुबे, रवि सतीजा आदि रहे।
इसी तरह छावनी विधानसभा की बजट संगोष्ठी में पूर्व विधायक रघुनंदन सिंह भदौरिया ने कहा कि सड़क, रेल लॉजिस्टिक नेटवर्क, डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर एवं ऊर्जा न सिर्फ विकास को गति देती है बल्कि राष्ट्रीय एकता, अवसर निर्माण और रणनीतिक गतिशीलता को भी बढ़ाती है। पूंजीगति को बढ़ावा देने से मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे। विकसित भारत का लक्ष्य तब तक हासिल नहीं किया जा सकता जब तक समाज का हर वर्ग विकास का भागीदार न बने।
इस दाैरान क्षेत्रीय महामंत्री पूनम द्विवेदी, अर्जुन बेरिया, राजन चौहान, निर्देश सिंह चौहान, महेंद्र गुप्ता, जितेंद्र चौरसिया आदि मौजूद रहे।