ब्रह्माकुमारी के नशा छोड़ो, खुशियां जोड़ो जनजागरूकता रथ निकाला

ब्रह्माकुमारी के नशा छोड़ो, खुशियां जोड़ो जनजागरूकता रथ निकाला

ब्रह्माकुमारी के नशा छोड़ो, खुशियां जोड़ो जनजागरूकता रथ निकाला

मीरजापुर, 12 नवंबर । नशामुक्त भारत की ओर एक मजबूत कदम बढ़ाते हुए बुधवार को उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जनपद में ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय (ओम शांति आश्रम), राजस्थान के तत्वावधान में नशा मुक्ति जनजागरूकता रथ यात्रा निकाली गई। इस यात्रा का स्वागत पहाड़ी विकास खंड के कपसौर, पुतरिहा, टौंगा, भरपूरा और पड़री क्षेत्र में किया गया। रथ को प्रधान संघ पहाड़ी के ब्लॉक अध्यक्ष अधिवक्ता ब्यासजी बिंद ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अभियान के तहत लोगों को शराब, गुटखा, तंबाकू और अन्य नशे से होने वाले दुष्परिणामों की जानकारी दी गई और लाेगाें काे नशामुक्त जीवन जीने का संकल्प दिलाया गया। रथ में लगे पोस्टर, बैनर और ऑडियो-वीडियो संदेशों के माध्यम से नशे के खिलाफ प्रभावशाली संदेश प्रसारित किए गए।

ब्रह्माकुमारी संस्था की पड़री शाखा के सत्यनारायण भैया और गुंजा दीदी ने बताया कि नशा व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक जीवन को बर्बाद कर देता है। उन्होंने कहा कि राजयोग ध्यान के अभ्यास से व्यक्ति आत्म-नियंत्रण और सकारात्मक सोच विकसित कर सकता है।

अभियान के दौरान ओमशांति आश्रम के कार्यकर्ताओं ने नशा मुक्त भारत – स्वस्थ भारत का नारा लगाते हुए लोगों से इस सामाजिक बुराई को जड़ से खत्म करने की अपील की।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष, युवा और ग्रामीणजन उत्साहपूर्वक शामिल हुए और नशे को सदा के लिए त्यागने का संकल्प लिया।