वक्फ कानून को लेकर विपक्ष के फैलाये जा रहे झूठ को बेनकाब करेगी भाजपा

--भाजपा का वक्फ सुधार जन जागरण अभियान 5 मई तक चलेगा--मुस्लिमों की सम्पत्तियां सरकार उन्हीं की बेहतरी के लिए प्रयोग करेगी

वक्फ कानून को लेकर विपक्ष के फैलाये जा रहे झूठ को बेनकाब करेगी भाजपा

प्रयागराज, 20 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी वक्फ अधिनियम को लेकर विपक्ष के द्वारा फैलाई जा रही झूठ एवं भ्रम को बेनकाब करने के लिए 20 अप्रैल से 5 मई तक वक्फ सुधार जन जागरण अभियान चलाएगी। इसे सफल बनाने के लिए महानगर द्वारा सम्पर्क, संवाद और अन्य कार्यक्रमों की श्रृंखला की तैयारी की जा रही है।

यह जानकारी भाजपा मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने देते हुए बताया कि जिला संयोजक से लेकर मंडल और प्रदेश स्तर तक एक टोली बनाई जाएगी। इस अभियान में मंत्री, सांसद, विधायक, महापौर, जिलाध्यक्ष समेत सभी पदाधिकारी लगाए गये हैं। यह जनजागरण अभियान सभी बूथों तक जाएगा। प्रदेश स्तर पर कार्यशाला होने के बाद क्षेत्रीय व जिला स्तर पर कार्यशाला होगी। इसके बाद मंडल स्तर पर कार्यक्रम होंगे। घर-घर सम्पर्क किया जाएगा, पम्पलेट लेकर कार्यकर्ता प्रचार करेंगे। इसमें कई वृहद स्तर पर महिलाओं के कार्यक्रम होंगे। कार्यक्रमों के जरिए महिलाओं को जागृत किया जाएगा।

मीडिया प्रभारी ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा सभी मंडलों में जहां गरीब और पिछड़े पसमांदा मुस्लिम समाज के लोग रहते हैं वहां नुक्कड़ सभा होगी और विधेयक के पीछे का सच बताया जाएगा। उनके बीच संपर्क करेंगे और उन्हें बताया जाएगा कि इस विधेयक के अंतर्गत गरीब मुस्लिम को उनका हक मिलेगा। कमजोर वर्ग के लोगां के लिए अवैध कब्जों से मुक्त होने वाली सम्पत्ति पर स्कूल कालेज और अस्पताल खोले जाएंगे और वक्फ सम्पत्तियों को निजी सम्पत्ति बनाने वाले बेनकाब होंगे। मुस्लिम समाज के धार्मिक मामलों में कोई दखल नहीं दिया जाएगा और मुस्लिमों की सम्पत्तियां सरकार उन्हीं की बेहतरी के लिए प्रयोग करेगी।