कार्यकर्ताओं को पार्टी की कार्यसंस्कृति से परिचित कराने के लिए प्रशिक्षण वर्ग लगाएगी भाजपा

अंत्योदय और एकात्म मानववाद का दर्शन ही भाजपा की कार्यसंस्कृति: ओमप्रकाश धनखड़ अब भाजपा भी लगाएगी प्रान्त जिला व मंडल स्तर पर प्रशिक्षण वर्ग

कार्यकर्ताओं को पार्टी की कार्यसंस्कृति से परिचित कराने के लिए प्रशिक्षण वर्ग लगाएगी भाजपा

लखनऊ, 14 फरवरी । भारतीय जनता पार्टी अपने कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीति नीति व कार्यसंस्कृति से परिचित कराने के लिए बूथ स्तर तक प्रशिक्षण वर्ग लगायेगी। प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग तीन दिन, जिला स्तर पर दो दिन व मंडल स्तर चौबीस घंटे का प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किया जाएगा। वहीं बूथ स्तर पर दो सत्रों में वर्ग आयोजित किए जायेंगे।

इसके लिए भारतीय जनता पार्टी द्वारा उत्तर प्रदेश में शुरू किए जा रहे पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान की प्रदेश कार्यशाला शनिवार को बाबू बनारसी दास विश्वविद्यालय के सभागार में सम्पन्न हुई। कार्यशाला का शुभारम्भ पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री एवं प्रशिक्षण अभियान के राष्ट्रीय सहसंयोजक ओमप्रकाश धनखड़, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी व प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने दीप जलाकर किया।

इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एंव प्रशिक्षण महाभियान के राष्ट्रीय संयोजक ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का अंत्योदय और एकात्म मानववाद का दर्शन ही भाजपा की कार्यसंस्कृति की आधारशिला है। श्री धनखड़ ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान को संगठन सशक्तिकरण का ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि यह अभियान कार्यकर्ताओं को विचार, व्यवहार और नेतृत्व तीनों स्तरों पर समृद्ध करेगा।

उन्होंने कहा कि व्यक्ति निर्माण से ही संगठन का निर्माण होता है। प्रशिक्षण तरासने की प्रक्रिया है। जो सीखता है वह बढ़ता है, जो सीखना बंद कर देता है वो बढ़ना भी बंद कर देता है। कहा कि प्रशिक्षण केवल जानकारी देने का माध्यम नहीं, बल्कि कार्यकर्ता के व्यक्तित्व निर्माण की प्रक्रिया है। इससे संगठन की कार्यपद्धति में एकरूपता आएगी और सेवा, समर्पण तथा राष्ट्रहित की भावना और अधिक प्रखर होगी।

कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त करेगा प्रशिक्षण अभियानपार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के संदर्भ में कहा कि यह अभियान कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त, अनुशासित और सेवा भाव से ओत-प्रोत बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। श्री चौधरी ने कहा कि प्रशिक्षण महाअभियान के माध्यम से बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यपद्धति, सरकार की नीतियों और जनसेवा के मूल मंत्र से जोड़ा जा रहा है। यह अभियान केवल प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के संकल्प को सुदृढ़ करने का महायज्ञ है।उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम की भावना से कार्य करता है और प्रशिक्षण से उसकी क्षमता, दक्षता और वैचारिक स्पष्टता में वृद्धि होती है। यह महाअभियान संगठन की मजबूती, विस्तार और अंत्योदय के लक्ष्य की प्राप्ति में मील का पत्थर सिद्ध होगा। श्री चौधरी ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन हमें एक देश एक विधान के मंत्र को सिखाता है, वहीं पंडित दीनदयाल उपाध्याय का एकात्म मानववाद हमें सिखाता है कि राजनीति का केंद्र सत्ता नहीं, बल्कि अंतिम पंक्ति में खड़ा व्यक्ति है। इसलिए यह प्रशिक्षण कार्यकर्ताओं में समाज के प्रति संवेदनशीलता और दायित्व बोध जागृत करने का भी सशक्त माध्यम है,और वो भी सेवा, समर्पण और समरसता के भाव के साथ। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि यह प्रशिक्षण महाभियान कार्यकर्ता को यह स्मरण कराता है कि संगठन व्यक्ति से बड़ा है, और राष्ट्र सर्वाेपरि है। प्रशिक्षण प्राप्त कार्यकर्ता केवल चुनावी योद्धा नहीं, बल्कि समाज का पथ प्रदर्शक बनता है।

पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान को संगठनात्मक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यह महाअभियान कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीति-नीति, सेवा कार्यों और जनसंपर्क अभियान से जोड़ते हुए उन्हें अधिक प्रभावी बनाएगा।

अनूप गुप्ता काे बनाया गया प्रदेश संयोजकपंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के लिए पार्टी के प्रदेश महामंत्री एवं सदस्य विधान परिषद अनूप गुप्ता को प्रदेश संयोजक बनाया गया है। जबकि प्रदेश उपाध्यक्ष बृज बहादुर, त्रयम्बक त्रिपाठी, पूर्व केन्द्रीय मंत्री रामशंकर कठेरिया, पूर्व सांसद राजेन्द्र अग्रवाल, विभाग/प्रकोष्ठ के संयोजक ओमप्रकाश श्रीवास्तव, पार्टी के प्रदेश मंत्री मीना चौबे और सोशल मीडिया प्रदेश संयोजक अंकित सिंह चन्देल को सहसंयोजक बनाया गया है।