भाजपा चुनावी हिंदू पार्टी, गलताजी में 23 दिन से फूलमालाएं तक नहीं दे रही सरकार : गहलाेत
भाजपा चुनावी हिंदू पार्टी, गलताजी में 23 दिन से फूलमालाएं तक नहीं दे रही सरकार : गहलाेत

जयपुर, 10 फ़रवरी (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जयपुर के गलताजी तीर्थ विवाद और सिलेंडर सब्सिडी को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। गहलोत ने भाजपा को चुनावी हिंदू पार्टी कहकर सियासी हमला बोला है।
गहलोत ने एक्स पर लिखा कि उत्तर भारत के प्रमुख वैष्णव तीर्थ गलताजी की जिम्मेदारी अभी राज्य सरकार संभाल रही है, लेकिन भाजपा सरकार के लापरवाह तरीकों से इस पवित्र तीर्थ की 521 साल पुरानी परंपराएं टूट गईं। तेईस दिन से भगवान के लिए यह सरकार फूल मालाएं भी उपलब्ध नहीं करवा सकी है।
यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है, जब भगवान के नाम पर वोट मांगने वाली पार्टी की सरकार भगवान के लिए मालाएं तक नहीं उपलब्ध करवा पा रही। भारतीय जनता पार्टी चुनावी हिन्दू पार्टी है। वोट लेने के लिए चुनाव में हिन्दू-मुस्लिम की राजनीति करती है, जनता को भ्रमित करने के लिए प्रयागराज में कैबिनेट बैठक करती है पर प्रदेश की राजधानी में स्थित तीर्थ की सेवा भी भाजपा सरकार में नहीं हो रही है।
गहलोत ने लिखा कि आज ही के दिन बजट भाषण में दो साल पहले मैंने उज्ज्वला और बीपीएल परिवारों की महिलाओं को 500 रुपए में रसोई गैस सिलेंडर देने की घोषणा की थी। इसकी क्रियान्विति में महिलाओं को समयबद्ध तरीके से सब्सिडी ट्रांसफर कर 500 रुपए में गैस सिलेंडर दिया गया। भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में वादा किया कि सरकार आने पर 450 रुपए में गैस सिलेंडर दिया जाएगा। आज की सुर्खियां बता रही हैं कि पिछले साल के अक्टूबर और नंवबर महीने में लिए गए गैस सिलेंडर की सब्सिडी नहीं मिली है।
गहलोत ने लिखा कि राजस्थान की गरीब जनता सोच रही है कि भाजपा के झांसे में आने के कारण महंगा सिलेंडर खरीदना पड़ रहा है। मुख्यमंत्री अपने भाषणों में इन सब जरूरी बातों का जिक्र करने की बजाय केवल हवा-हवाई जुमले सुनाने में व्यस्त हैं।