फोन पर तीन तलाक से खत्म हुआ 8 साल का निकाह; दहेज की लालच में उजड़ा एक और परिवार
फोन पर तीन तलाक से खत्म हुआ 8 साल का निकाह; दहेज की लालच में उजड़ा एक और परिवार
जालौन, 26 जून । जालौन जिले से तीन तलाक का एक और मामला सामने आया है, जो दहेज की लालच में एक परिवार के टूटने का कारण बना। आरोप है कि ससुराल पक्ष द्वारा दहेज में 2 लाख रुपये की मांग की जा रही थी, जिसे पूरा न कर पाने पर पति ने फोन पर ही अपनी पत्नी को तीन बार "तलाक... तलाक... तलाक" कहकर 8 साल के वैवाहिक रिश्ते को खत्म कर दिया।
इस घटना के बाद पीड़ित पत्नी ने अपने पति और ससुराल वालों के खिलाफ जालौन कोतवाली में दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, जालौन कोतवाली क्षेत्र के निवासी मोहम्मद सगीर की बेटी साविया खातून का निकाह 10 जुलाई 2017 को दतिया निवासी अनस खान के साथ हुआ था। परिजनों का कहना है कि उन्होंने शादी में लगभग 10 लाख रुपये खर्च किए थे, लेकिन शादी के बाद से ही ससुराल वाले साविया से 2 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग करने लगे। आरोप है कि मांग पूरी न होने पर पति अनस खान, सास, जेठ और ननद ने साविया को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
पीड़िता के अनुसार, 7 जून 2025 को उसे ससुराल से निकाल दिया गया और 19 जून को उसके पति ने फोन पर ही तीन तलाक देकर रिश्ता तोड़ दिया।
पीड़ित साविया ने जालौन कोतवाली में दहेज उत्पीड़न, मारपीट और तीन तलाक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने इस मामले में दहेज प्रतिषेध कानून और मुस्लिम महिला विवाह अधिनियम की धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
गुरुवार को जालौन कोतवाली प्रभारी अजीत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है.