तीन लाख 60 हजार बच्चों को लगेगा एमआर टीका : प्रतिरक्षण अधिकारी
तीन लाख 60 हजार बच्चों को लगेगा एमआर टीका : प्रतिरक्षण अधिकारी
वाराणसी, 14 फरवरी। खसरा - रूबेला (एमआर) उन्मूलन के लिए 16 से 27 फरवरी 2026 तक संचालित होने वाले विशेष टीकाकरण अभियान के सफल क्रियान्वयन के दृष्टिगत शनिवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी सभागार में जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एस. एस. कनौजिया ने पत्रकारों से वार्ता किया। डॉ. एस. एस. कनौजिया ने बताया कि खसरा एक अत्यंत संक्रामक वायरल रोग है, जो तेज बुखार, दाने, निमोनिया, डायरिया एवं कुपोषण जैसी जटिलताओं के साथ गंभीर स्थिति में मृत्यु का कारण भी बन सकता है। वहीं रूबेला संक्रमण गर्भवती महिलाओं में होने पर भ्रूण में जन्मजात विकृतियां उत्पन्न कर सकता है।
एमआर टीका पूर्णतः सुरक्षित, प्रभावी एवं गुणवत्ता परीक्षण से प्रमाणित है तथा यह निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। नियमित टीकाकरण के अंतर्गत 9 माह से 12 माह तथा 16 माह से 24 माह तक के बच्चों को एमआर टीका लगाया जाता है। विशेष अभियान के तहत कक्षा 1 से कक्षा 5 तक के सरकारी, गैर-सरकारी एवं मदरसों सहित सभी विद्यालयों के बच्चों को अतिरिक्त खुराक दी जाएगी, जिससे कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे। तीन लाख 60 हजार बच्चों को एमआर टीका लगेगा।
उन्होंने बताया कि जनपद में कुल 2871 विद्यालय हैं, जिनमें 1145 सरकारी विद्यालय हैं, जिसमें 1,13,047 छात्र, 108 मदरसे जिसमें 20,560 छात्र तथा 1618 निजी विद्यालय जिसमें 1,82,393 छात्र शामिल हैं। विद्यालय आधारित सत्रों के माध्यम से अधिकतम कवरेज सुनिश्चित किया जाएगा तथा आवश्यकतानुसार छूटे हुए बच्चों को भी कवर किया जाएगा। इस अवसर पर जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी, यूनिसेफ से प्रदीप विश्वकर्मा, जेएसआई के प्रोग्राम ऑफिसर डॉ. शहीद, मणिशंकर, गुरदीप कौर उपस्थित रहे।