कारोबारी विजेंद्र सोनी के खुद को गोली मारने की घटना पर अजय राय दुखी, बोले- ‘आर्थिक तंगी ने व्यापारियों को तोड़ दिया’
पांडेयपुर के व्यवसायी विजेंद्र सोनी के खुद को गोली मारने की घटना पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने चिंता जताई। उन्होंने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाए।
वाराणसी, 10 सितम्बर। वाराणसी में पांडेयपुर के प्रमुख व्यवसायी विजेंद्र सोनी के खुद को गोली मारने की जानकारी मिलने पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने दुख व्यक्त किया। अजय राय ने कहा कि व्यापार न चलने के कारण व्यवसायी विजेंद्र सोनी के खुद को गोली मारने की घटना अत्यंत दुखद और विचलित करने वाली है। बाबा विश्वनाथ से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ। मैं उनके परिवार के साथ खड़ा हूं।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कल ही मुख्यमंत्री योगी काशी में बैठकर व्यापारियों के विकास और 'डबल इंजन' की समृद्धि का ढोल पीट रहे थे। सच्चाई यह है कि गलत नीतियों, कमरतोड़ मंदी और आर्थिक तंगी ने आज व्यापारियों को आत्मघाती कदम उठाने की कगार पर धकेल दिया है। जो सरकार व्यापारियों को सुरक्षा और सुगम व्यापार का माहौल तक न दे सके, उसके बड़े-बड़े दावों का क्या अर्थ है। भाजपा सरकार जवाब दे, आखिर कब तक व्यापारी वर्ग इस आर्थिक मंदी की बलि चढ़ता रहेगा।