गंगा का पानी घटते ही अस्सी घाट पर सफाई अभियान तेज, नमामि गंगे स्वयंसेवकों ने हटाया बाढ़ का मलबा

बाढ़ के बाद घाटों पर जमा सिल्ट और अवशिष्ट हटाने के लिए युवाओं ने किया श्रमदान; स्वच्छता, संक्रमण रोकथाम और गंगा संरक्षण के प्रति लोगों को किया जागरूक।

गंगा का पानी घटते ही अस्सी घाट पर सफाई अभियान तेज, नमामि गंगे स्वयंसेवकों ने हटाया बाढ़ का मलबा

वाराणसी,08 सितंबर। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में अस्सी घाट पर बाढ़ के बाद की बदहाल स्थिति को देखते हुए मंगलवार को स्वच्छता अभियान चलाया गया । इस दौरान नमामि गंगे के स्वयंसेवकों ने बाढ़ के अवशिष्ट को बाहर निकाला। गंगा सफाई के इस अभियान में युवाओं ने भी अपनी हिस्सेदारी निभाई और नमामि गंगे के आह्वान पर इस कार्य में सहयोग दिया । गंगा सफाई के महत्व को लेकर लोगों को जागरुक भी किया गया ।

गंगा सेवक राजेश शुक्ला ने बताया कि बाढ़ के बाद गंगा की तलहटी और सतही जल में कई प्रकार की वस्तुएं आ जाती हैं, जिनसे गंगाजल प्रदूषित होता है। उन्होंने कहा कि गंगा घाटों पर फैली सिल्ट और अन्य अवशिष्टों की सफाई जरूरी है, ताकि गंगा घाट स्वच्छ रहें और पर्यटकों व श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो । बाढ़ के बाद फैलने वाले संक्रमण और गंदगी को रोकने के लिए प्रशासन के साथ यह नागरिक प्रयास बेहद महत्वपूर्ण है। श्रमदान में सौरभ सिंह, शाश्वत मिश्रा, शिवानी सिंह, प्रेरणा जोशी, आदित्य सिंह ने पूरे उत्साह के साथ भागीदारी की