झांसी के 37 केंद्रों पर 10 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने छोड़ी परीक्षा

प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 में दोनों पालियों में 31,392 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 21,152 परीक्षा में शामिल हुए। एडीएम ने परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

झांसी के 37 केंद्रों पर 10 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने छोड़ी परीक्षा

झांसी, 01 नवंबर । उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 रविवार को जिले के 37 केंद्रों पर दो पालियों में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के साथ सेक्टर व स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात रहे।

अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय चावला ने बुंदेलखंड महाविद्यालय स्थित परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बायोमीट्रिक उपस्थिति, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता और परीक्षा कक्षों की व्यवस्था देखी। केंद्र व्यवस्थापकों को पेयजल, शौचालय, प्रकाश और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

दोनों पालियों में कुल 31,392 अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होना था। पहली पाली में 15,696 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 10,520 उपस्थित और 5,176 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में 10,632 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 5,064 अनुपस्थित रहे। इस तरह दोनों पालियों में कुल 21,152 अभ्यर्थी शामिल हुए।

निरीक्षण के दौरान एडीएम ने बाहर मौजूद अभ्यर्थियों के परिजनों से भी बातचीत की। प्रयागराज से आए परिजनों ने नगर निगम के आश्रय स्थल में निश्शुल्क ठहरने और टैक्सी में अतिरिक्त किराया न लिए जाने की जानकारी दी। प्रशासन ने परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए रैन बसेरों में भी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराईं।