प्रयागराज के जलभराव पर केशव मौर्य का बड़ा ऐलान! 24 घंटे में पानी निकले, 100 साल की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनेगी कार्ययोजना
प्रयागराज में जलभराव का होगा स्थायी समाधान, 100 साल के लिए बनेगा मास्टर प्लान: केशव मौर्य
प्रयागराज, 23 अगस्त । विश्व प्रसिद्ध प्रयागराज शहर में बार-बार होने वाले जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए। इसके लिए अगले 100 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखकर फूलप्रूफ कार्ययोजना तैयार की जाए और उसी के अनुसार गुणवत्तापूर्ण कार्य कराया जाए। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और पार्षदों के सुझावों को कार्ययोजना में शामिल किया जाए। यह निर्देश उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को सर्किट हाउस सभागार में बाढ़ और जलजमाव को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में दिए।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि शहर में कहीं भी जलभराव होने पर 24 घंटे के भीतर जल निकासी की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने जल निकासी से जुड़े कार्यों में केवल तत्काल राहत देने के बजाय स्थायी समाधान पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधियों की बैठक कर उनके अनुभव और सुझाव लिए जाएं, ताकि योजनाएं जमीन की वास्तविक जरूरत के अनुरूप तैयार हों।
बाढ़ प्रभावित किसानों को जल्द मिले मुआवजा
केशव प्रसाद मौर्य ने जिले में बाढ़ की स्थिति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में फसल और अन्य नुकसान का सर्वे कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सर्वे का काम तेजी से पूरा कर प्रभावित किसानों और अन्य पीड़ितों को नियमानुसार शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने बाढ़ का पानी उतरने के बाद प्रभावित क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाने और स्वास्थ्य शिविर लगाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में तैनात रहें, ताकि लोगों को बीमारी या अन्य किसी समस्या का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि कोरांव और बारा तहसील के कुछ गांवों में बाढ़ का पानी पहुंचा था। प्रभावित लोगों को तत्काल राहत केंद्रों में पहुंचाकर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
मेडिकल चौराहा, रामबाग और अल्लापुर का जलभराव दूर करने के निर्देश
बैठक में मेडिकल चौराहों पर जलभराव की समस्या विधान परिषद सदस्य डॉ. केपी श्रीवास्तव ने उठाई। इस पर उप मुख्यमंत्री ने नगर आयुक्त को प्राथमिकता के आधार पर समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए। विधायक शहर उत्तर हर्षवर्धन वाजपेयी ने रामबाग, जार्जटाउन, टैगोर टाउन और अल्लापुर में जलभराव की समस्या रखी। उपमुख्यमंत्री ने इन क्षेत्रों के लिए भी त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने बताया कि इन क्षेत्रों में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए कार्ययोजना शासन को भेजी गई है। सीएमपी से मोरी गेट तक अलग जल निकासी लाइन और 40 एमएलडी क्षमता के पंपिंग स्टेशन के निर्माण को शासन से स्वीकृति मिल चुकी है। इसके अलावा 80 फीट रोड और डांडिया नाले के चौड़ीकरण का कार्य भी स्वीकृत है।
कुंदन गेस्ट हाउस से कब्रिस्तान के पीछे, ईडब्ल्यूएस कॉलोनी के पीछे से अल्लापुर पंपिंग स्टेशन तक बाईपास नाला बनाने की योजना भी बताई गई। अधिकारियों के अनुसार इससे संबंधित क्षेत्रों में जलभराव की समस्या कम करने में मदद मिलेगी।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का बनेगा वाट्सऐप समूह
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जल निकासी व्यवस्था से जुड़े जनप्रतिनिधियों, स्थानीय पार्षदों और संबंधित विभागों के अधिकारियों का एक वाट्सऐप समूह बनाया जाए। इसमें जलभराव या जल निकासी से जुड़ी शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
उन्होंने शहर में बनी सभी सीवर लाइनों की मैपिंग कराने के भी निर्देश दिए, ताकि भविष्य में अधिकारियों को सीवर व्यवस्था की सही जानकारी उपलब्ध रहे और किसी भी परियोजना की योजना बनाने में परेशानी न हो।
गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई के कार्यों पर जताई नाराजगी
गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई के कार्यों को लेकर मिली शिकायतों पर उप मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कराए गए कार्यों का दोबारा स्थलीय निरीक्षण किया जाए और जहां भी कमियां मिलें, उन्हें तत्काल दूर कराकर गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने गंगा के कछारी क्षेत्रों में अवैध कब्जे और निर्माण पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। बैठक में मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम, जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, सांसद प्रवीण पटेल, विधायक डॉ. वाचस्पति, हर्षवर्धन वाजपेयी, गुरु प्रसाद मौर्य, विधान परिषद सदस्य सुरेंद्र चौधरी और डॉ. केपी श्रीवास्तव समेत अन्य जनप्रतिनिधि तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।