दीपावली पर एसआरएन अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचे 100 से अधिक मरीज, 38 को करना पड़ा भर्ती
प्रयागराज में सड़क हादसों के मरीज सबसे ज्यादा पहुंचे; पटाखों से झुलसने वाले 9 लोग आए, पिछले वर्ष की तुलना में मामले कम
प्रयागराज, 10 नवंबर । दीपावली पर स्वरूप रानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल की इमरजेंसी में 100 से अधिक मरीज उपचार के लिए पहुंचे। इनमें 38 मरीजों की स्थिति को देखते हुए उन्हें अस्पताल में भर्ती करना पड़ा। राहत की बात यह रही कि इस बार पटाखों से झुलसकर आने वाले मरीजों की संख्या पिछले वर्ष की तुलना में कम रही। दीपावली की रात पटाखों से झुलसे नौ लोगों को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया। यह जानकारी मंगलवार को मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. ए.के. वर्मा ने दी।
उन्हाेंने कहा कि इमरजेंसी में सबसे अधिक मरीज सड़क दुर्घटनाओं में घायल होकर पहुंचे। इसके अलावा मारपीट और हमले में घायल नौ लोगों सहित अन्य आकस्मिक चोटों से पीड़ित मरीजों का भी उपचार किया गया। अस्पताल की चिकित्सकीय टीम ने सभी मरीजों को उनकी स्थिति के अनुसार तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया। जिन मरीजों को विशेष देखभाल की जरूरत थी, उन्हें भर्ती कर आगे का उपचार किया गया।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. ए.के. वर्मा ने बताया कि दीपावली के अवसर पर इमरजेंसी में मरीजों की संख्या में वृद्धि हुई। इसके बावजूद चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम ने पूरी तत्परता से सभी आपातकालीन मरीजों को उपचार उपलब्ध कराया। इस बार पटाखों से झुलसकर आने वाले मरीजों की संख्या पिछले वर्ष की तुलना में कम रही है, जो राहत की बात है।
उन्होंने बताया कि अस्पताल की इमरजेंसी टीम, ट्रॉमा सेवाएं और बर्न यूनिट को सतर्क रखा गया था, ताकि किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को समय पर उपचार मिल सके। चिकित्सकों ने लोगों से पटाखे जलाते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की। बच्चों को पटाखों से दूर रखने, खुले स्थान पर ही आतिशबाजी करने और जलते पटाखों के पास नहीं जाने की सलाह दी गई। साथ ही पटाखों से जलने या किसी अन्य दुर्घटना में घायल होने पर बिना देर किए नजदीकी अस्पताल पहुंचने को कहा गया।