Prayagraj News: सलोरी दाधिकान्दों मेला मार्ग पर लटके तार होंगे ऊंचे, सीवर-सफाई में लापरवाही पर महापौर ने अफसरों को चेताया
महापौर उमेश चन्द्र गणेश केसरवानी ने किया औचक निरीक्षण, मेला शुरू होने से पहले सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
प्रयागराज, 08 सितंबर । प्रयागराज के महापौर उमेश चन्द्र गणेश केसरवानी ने मंगलवार को आगामी ऐतिहासिक सलोरी दाधिकान्दों मेले को लेकर बड़ा कदम उठाया। मेला क्षेत्र और चौकी मार्ग का जमीनी निरीक्षण करने उतरे महापौर ने मौके पर ही अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और साफ कहा कि मेला शुरू होने से पहले सड़कों पर लटके बिजली के तारों को हर हाल में ऊंचा किया जाए, टूटे सीवर के ढक्कन बदले जाएं और व्यवस्था में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोपरि है और इसमें लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मेला कमेटी की मांग पर महापौर का तुरंत एक्शन
स्थलीय निरीक्षण के दौरान सलोरी दाधिकान्दों कमेटी के अध्यक्ष कंचन शुक्ला और पदाधिकारियों ने महापौर के सामने जनसमस्याएं रखीं। कमेटी ने मांग की कि मेला मार्ग को जोड़ने वाली गलियों की सफाई कराई जाए, मलबे का निस्तारण हो और दंगल वाले स्थान पर परंपरा के अनुसार मिट्टी गिराई जाए। इसके अलावा प्राचीन शिव मंदिर पर दो अतिरिक्त स्ट्रीट लाइट व जे.पी. चौराहे सहित मंदिर परिसर में दो सोलर हाई मास्क लाइट लगाने का आग्रह किया गया। महापौर ने इन सभी मांगों को तत्काल स्वीकार करते हुए अधिकारियों को समय सीमा के भीतर काम पूरा करने के निर्देश दिए।
लापरवाही पर दी चेतावनी, तय की जिम्मेदारी
महापौर ने नगर निगम की टीम को मुस्तैद रहने का निर्देश देते हुए कहा कि पूरे यात्रा मार्ग पर कीटनाशक दवाओं का छिड़काव, पानी के लीकेज को ठीक करना, चोक नालियों की सफाई, गड्ढों को भरने के लिए पैच वर्क और बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को बदलने का काम युद्धस्तर पर किया जाए। आवारा पशुओं से श्रद्धालुओं को कोई खतरा न हो, इसके लिए विशेष अभियान चलाकर उन्हें पकड़ा जाए। उन्होंने क्षेत्र में अस्थाई शौचालय और पेयजल टैंकर लगाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा।
निरीक्षण के दौरान मौजूद रहा प्रशासनिक अमला
महापौर के इस औचक निरीक्षण के समय अपर नगर आयुक्त अनुपम शुक्ला, मुख्य अभियंता दिनेश चन्द्र सचान, जोनल अधिकारी सौरभ यादव, जोनल सेनेटरी ऑफिसर प्रवीन, सफाई निरीक्षक फूलचन्द्र पटेल शामिल रहे। इसके साथ ही जोन-3 के अवर अभियंता अविनाश व विनोद पटेल, क्षेत्रीय पार्षद ज्ञानेन्द्र मिश्रा व राजेश शुक्ला सहित दाधिकान्दों कमेटी के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।