संतुलित आहार स्वस्थ जीवन की आधारशिला, प्रो. डॉ. ए.के. वर्मा ने पोषण जागरूकता पर दिया जोर
राष्ट्रीय पोषण सप्ताह के समापन अवसर पर SRN अस्पताल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। नर्सिंग विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक, पौष्टिक खाद्य स्टॉल और पोस्टर प्रतियोगिता के जरिए स्वस्थ खानपान का संदेश दिया।
प्रयागराज, 07 सितंबर। संतुलित एवं पौष्टिक आहार स्वस्थ जीवन की आधारशिला है। बीमारियों की रोकथाम और उपचार के साथ लोगों को उचित पोषण और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना भी चिकित्सा संस्थानों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। यह बात सोमवार को मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. ए.के. वर्मा ने राष्ट्रीय पोषण सप्ताह के अवसर पर स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय के पीएमएसएसवाई भवन में आयोजित पोषण जागरूकता कार्यक्रम में कही।
उन्होंने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य के लिए संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना आवश्यक है। लोगों में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाकर कई बीमारियों से बचाव किया जा सकता है।
कार्यक्रम में नर्सिंग कॉलेज के विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से पौष्टिक आहार के महत्व को बताया। विद्यार्थियों ने विभिन्न पौष्टिक खाद्य पदार्थों के स्टॉल भी लगाए। इसके साथ ही पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
खाद्य स्टॉल प्रतियोगिता में अंकुरित चना और मूंग के स्टॉल को विजेता चुना गया। वहीं, पोस्टर प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का समन्वय नैदानिक आहार विशेषज्ञ एवं मधुमेह शिक्षिका डायटीशियन कौसैन हफीज खान ने किया। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय पोषण सप्ताह प्रतिवर्ष 1 से 7 सितंबर तक मनाया जाता है। इसका उद्देश्य समाज में सही खानपान, संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
कार्यक्रम में प्रो. डॉ. नीलम सिंह, डॉ. जितेंद्र शुक्ला, प्रो. डॉ. अनुभा श्रीवास्तव, डॉ. अरविंद गुप्ता, प्रो. डॉ. दिलीप चौरसिया, डॉ. खुर्शीद, डॉ. सूबिया अंसारी, डॉ. शरद चंद्र और डॉ. अनिल कुमार मौर्य सहित चिकित्सक, नर्सिंग विद्यार्थी तथा अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।