ससुराल में नव विवाहिता की हुई संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

ससुराल में नव विवाहिता की हुई संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

प्रयागराज, 15 जुलाई । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में खुल्दाबाद थाना क्षेत्र के लकड़मण्डी मोहल्ले में बुधवार को एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मृतका के ससुराल वालों का कहना है कि फांसी लगाकर आत्महत्या की है। हालांकि मृत्यु का स्पष्ट कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि खुल्दाबाद थाना क्षेत्र के लकड़मंडी मोहल्ला निवासी नेहा पाल (23) पत्नी गौतम पाल का शव बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अन्दर पाया गया। पुलिस को सूचना दी गई कि फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर फाॅरेंसिक टीम के माध्यम से सभी साक्ष्य जुटाने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना के संबंध में मृतका के कानपुर बिठूर स्थित मायके वालाें काे इसकी सूचना दी गयी है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। फिर भी मृत्यु का स्पष्ट कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पूछताछ के दौरान ससुराल वालों ने बताया कि अक्टूबर 2025 को इसकी शादी हुई थी। अभी मायके वाले पहुंचे नहीं हैं।