प्रयागराज में होटल की आड़ में चल रहा अवैध हुक्का बार पकड़ा गया, संचालक गिरफ्तार
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के पत्रिका चौराहे के पास पुलिस ने छापेमारी कर हुक्का सेट, चिलम समेत अन्य सामान बरामद किया।
प्रयागराज, 28 सितंबर । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक होटल में अवैध रुप से चलाए जा रहे हुक्का बार का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने संचालक काे गिरफ्तार किया है। आरोपित के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त नगर सागर जैन ने साेमवार काे बताया कि सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत पत्रिका चौराहे के पास स्थित दि ग्रेट होटल में अवैध रुप से हुक्का बार चलाए जाने की सूचना मिली। इस आधार पर थाना पुलिस टीम ने छापेमारी की कार्रवाई की। कार्रवाई के दाैरान पुलिस टीम काे मौके से जांच के दाैरान
हुक्का सेट, चिलम समेत कई अन्य सामान बरामद किया गया है। माैके से पुलिस टीम ने होटल संचालक अब्दुल कादिर को गिरफ्तार कर लिया गया। आराेपित के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त नगर ने बताया कि अवैध रूप से हुक्का बार संचालित करने वालों के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। शहर में कहीं भी होटल, रेस्टोरेंट या अन्य प्रतिष्ठान की आड़ में नियमों का उल्लंघन कर हुक्का बार संचालित किए जाने की सूचना मिलती है तो जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थानों पर विशेष निगरानी भी रखी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शहर के अन्य थाना क्षेत्रों में भी हुक्का बार संचालित होने की शिकायतों और सूचनाओं की जांच की जा रही है। जांच में नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।