पांच लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा से लाभान्वित होंगे शिक्षक : नन्द गोपाल गुप्ता ‘‘नन्दी’’
पांच लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा से लाभान्वित होंगे शिक्षक : नन्द गोपाल गुप्ता ‘‘नन्दी’’
प्रतापगढ़, 08 जुलाई । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा वाराणसी से मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किए जाने का सीधा प्रसारण प्रतापगढ़ जनपद मुख्यालय पर भी देखा गया। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के अभिभावकों के खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से प्रति विद्यार्थी 1,200 रुपये की धनराशि हस्तांतरित की। इस अवसर पर योगी सरकार के मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘‘नन्दी’’ एवं जनप्रतिनिधियों ने बेसिक शिक्षा विभाग के 11 तथा माध्यमिक शिक्षा विभाग के पांच शिक्षकों सहित कुल 16 शिक्षकों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के प्रतीकात्मक स्वास्थ्य कार्ड प्रदान किए। इसके अतिरिक्त स्वच्छ एवं हरित विद्यालय योजना के अंतर्गत चयनित 11 विद्यालयों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। बेसिक शिक्षा विभाग के विद्यार्थियों को स्कूल बैग एवं पुस्तकें वितरित की गईं।
अपने संबोधन में मंत्री नन्दी’ ने कहा कि विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को साकार करने में शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। शिक्षक ही राष्ट्र के भावी नागरिकों का निर्माण करते हैं, इसलिए प्रदेश सरकार उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान के प्रति पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है। इस मौके पर जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय, भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. राममोहन मीना, जिला विद्यालय निरीक्षक ओमकार राणा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी देवव्रत सिंह समेत अन्य गणमान्य जन उपस्थित रहे।