सात फीट का मगरमच्छ बस्ती में पहुंचा, वन विभाग ने सुरक्षित रेस्क्यू कर जलाशय में छोड़ा

सात फीट का मगरमच्छ बस्ती में पहुंचा, वन विभाग ने सुरक्षित रेस्क्यू कर जलाशय में छोड़ा

सात फीट का मगरमच्छ बस्ती में पहुंचा, वन विभाग ने सुरक्षित रेस्क्यू कर जलाशय में छोड़ा

मीरजापुर, 09 जुलाई। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में हलिया थाना क्षेत्र के हलिया ग्रामसभा के महादेव मजरे में गुरुवार तड़के करीब चार बजे सात फीट लंबा मगरमच्छ बस्ती में पहुंच जाने से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सतर्कता से मगरमच्छ को एक कमरे में बंद कर दिया गया, जिसके बाद वन विभाग की टीम ने कई घंटे की मशक्कत के बाद उसका सुरक्षित रेस्क्यू कर मेजा ददरी बांध के गहरे जलाशय में छोड़ दिया।

बताया गया कि मगरमच्छ अदवा-बेदऊर नहर से निकलकर देर रात बस्ती में पहुंच गया और राम अकबाल मौर्य के घर के पास घूमने लगा। कुत्तों के भौंकने पर ग्रामीणों की नींद खुली। टॉर्च की रोशनी में मगरमच्छ को मकान की ओर बढ़ते देख लोगों ने साहस दिखाते हुए उसे सीढ़ी के नीचे बने अधूरे शौचालय में बंद कर दिया।

सूचना मिलने पर वन क्षेत्राधिकारी संतोष राय के निर्देश पर वन्यजीव रक्षक संदीप कुमार, वनरक्षक अंकुर शुक्ला, शिवम सिंह, शीतला बक्स सिंह, अनिरुद्ध श्रीवास्तव और मल्ले खान की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से घंटों की मशक्कत के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़कर मेजा ददरी बांध के गहरे जलाशय में छोड़ दिया।

ग्रामीणों ने बताया कि समय रहते मगरमच्छ पर नजर पड़ गई, अन्यथा कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। वन क्षेत्राधिकारी संतोष राय ने लोगों से अपील की कि जंगली जीव दिखने पर स्वयं पकड़ने का प्रयास न करें, बल्कि तत्काल वन विभाग को सूचना दें।