मीरजापुरः बहरछठ विद्यालय हादसे में प्रभारी प्रधानाध्यापक निलंबित, विभागीय जांच के आदेश
मीरजापुरः बहरछठ विद्यालय हादसे में प्रभारी प्रधानाध्यापक निलंबित, विभागीय जांच के आदेश
मीरजापुर, 09 जुलाई। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के मड़िहान विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय बहरछठ में छात्र की मौत के मामले में बेसिक शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक अर्जुन कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उनके विरुद्ध विभागीय अनुशासनिक कार्रवाई भी प्रारंभ कर दी गई है।
खंड शिक्षा अधिकारी मड़िहान की आख्या के अनुसार 30 जून को विद्यालय में एक छात्र घायल हो गया था, जिसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पटेहरा कला ले जाया गया। वहां से चिकित्सकों ने उसे मंडलीय चिकित्सालय रेफर कर दिया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने छात्र को घर ले जाने की सलाह दी और अगले दिन अल्ट्रासाउंड कराने को कहा। घर लौटते समय छात्र की तबीयत दोबारा बिगड़ गई, जिसके बाद उसे पुनः मंडलीय चिकित्सालय लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बीएसए अनिल कुमार बर्मा ने अपनी आख्या में बताया कि विद्यालय में कुल 62 छात्रों का नामांकन है, जबकि घटना के दिन 28 छात्र उपस्थित थे। विद्यालय में दो शिक्षक तैनात हैं। जांच में यह भी उल्लेख किया गया कि प्रभारी प्रधानाध्यापक ने विद्यालय भवन अथवा चहारदीवारी के जर्जर होने संबंधी कोई सूचना न तो लिखित और न ही मौखिक रूप से विभाग को दी थी। इस आधार पर घटना के लिए प्रथम दृष्टया उनकी अक्षम्य लापरवाही मानी गई। खंड शिक्षा अधिकारी की संस्तुति पर सक्षम प्राधिकारी ने उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक (अनुशासन एवं अपील) नियमावली के तहत अर्जुन कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए उनके विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। मामले की जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी राजगढ़ को जांच अधिकारी नामित किया गया है।
निलंबन अवधि के दौरान अर्जुन कुमार सिंह को प्राथमिक विद्यालय देहचरका, विकासखंड हलिया से संबद्ध किया गया है। आदेश में यह भी कहा गया है कि निलंबन अवधि में उन्हें वित्तीय नियमों के अनुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।