लखनऊ ITI अलीगंज के अप्रेंटिसशिप ड्राइव में 95 युवाओं का चयन, ₹10 से ₹19 हजार तक मिलेगा स्टाइपेंड

मुख्यमंत्री मिशन रोजगार योजना के तहत आयोजित ड्राइव में 135 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया, 115 पात्र उम्मीदवारों के इंटरव्यू के बाद 95 का चयन हुआ।

लखनऊ ITI अलीगंज के अप्रेंटिसशिप ड्राइव में 95 युवाओं का चयन, ₹10 से ₹19 हजार तक मिलेगा स्टाइपेंड

लखनऊ, 30 सितंबर । मुख्यमंत्री मिशन रोजगार योजना के अंतर्गत राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, अलीगंज, लखनऊ में मंगलवार को अप्रेंटिसशिप ड्राइव का आयोजन किया गया।

संस्थान में टाटा मोटर्स लि., हेला इंडिया तथा जेमपैक पैकर्स द्वारा आयोजित इस ड्राइव में युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराया गया। संस्थान के प्रधानाचार्य राज कुमार यादव ने बताया कि प्रदेश सरकार की रोजगारपरक सोच के अनुरूप युवाओं को निजी क्षेत्र में बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ड्राइव का आयोजन किया गया। उन्होंने कंपनी प्रतिनिधियों से अधिकाधिक अभ्यर्थियों का चयन करने का आग्रह किया तथा चयनित अभ्यर्थियों को समय पर कार्यभार ग्रहण करने के लिए प्रेरित किया।

प्लेसमेंट अधिकारी एम. ए. खाँ ने जानकारी दी कि मेले में कुल 135 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। 115 अर्ह अभ्यर्थियों की साक्षात्कार प्रक्रिया के बाद 95 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को 10,000 से 19,000 प्रतिमाह तक का स्टाइपेंड प्रदान किया जाएगा। इस रोजगार मेले के सफल आयोजन में संस्थान के अनुदेशक श्री मकबूल कादिर, जे. रहमान तथा ग्रे सिम लर्निंग्स फाउंडेशन के समस्त स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।