प्रयाग संगीत समिति से जुड़े बाल नृत्य कलाकारों का सम्मान, प्रमाण पत्र पाकर खिले नन्हे कलाकारों के चेहरे
हरिद्वार की झंकार डांस एकेडमी के बाल कलाकारों ने प्रवेशिका से प्रभाकर तक की परीक्षाओं में सफलता हासिल की, जिसके बाद उन्हें सम्मानित किया गया।
हरिद्वार, 30 सितंबर। प्रयाग संगीत समिति, प्रयागराज से संबद्ध न्यू धीरवाली ज्वालापुर स्थित झंकार डांस एकेडमी के बाल नृत्य कलाकारों को विभिन्न वर्षों की परीक्षाओं में प्रवेशिका से प्रभाकर तक आशातीत सफलता प्राप्त करने पर प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह में नन्हे कलाकारों के चेहरों पर सफलता की खुशी साफ नजर आई।
एकेडमी के स्टूडियो में आयोजित कार्यक्रम में अध्यात्म चेतना संघ के संस्थापक एवं संचालक आचार्य करुणेश मित्र तथा साहित्यकार अरुण कुमार पाठक ने सफल कलाकारों को प्रमाण पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर एकेडमी की संरक्षिका अर्चना वर्मा तिवारी भी मौजूद रहीं। सम्मानित होने वाले कलाकारों में तीन वर्ष की आयु तक के नन्हे बच्चे भी शामिल रहे।
सम्मानित बाल नृत्य कलाकारों में स्वीकृति तिवारी, वन्या, जैसिका वालिया, काशवी, अन्विता उपाध्याय, अदिति सैनी, अन्यका, आदिश्री, आदित्य चौहान, अंशिका, शामवी, अर्ना वर्मा, तनिष्का वर्मा, दिया सैनी, अदिति बेलवाल, विंध्या सक्सैना और रक्षा राणा आदि शामिल रहे।
एकेडमी की संचालिका, युवा नृत्यांगना एवं नृत्य निर्देशिका आचार्य स्वाति वर्मा ने बताया कि झंकार डांस एकेडमी पिछले एक दशक से कथक के साथ पश्चिमी नृत्य, बॉलीवुड, सालसा, कपल सालसा, भांगड़ा, गिद्दा, लावणी और गरबा-डांडिया जैसी विभिन्न नृत्य विधाओं का प्रशिक्षण दे रही है। इसके अलावा योग्य प्रशिक्षकों के माध्यम से वाद्य संगीत का प्रशिक्षण भी दिया जाता है। एकेडमी से प्रशिक्षण प्राप्त कलाकार हरिद्वार और आसपास के विभिन्न मंचों पर अपनी प्रस्तुतियां दे चुके हैं।
---------------