बहराइच में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से किशोर झुलसा, अस्पताल ले जाते समय हुई मौत
बहराइच में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से किशोर झुलसा, अस्पताल ले जाते समय हुई मौत
बहराइच, 27 जुलाई । उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के देहात कोतवाली क्षेत्र में 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से 15 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। गंभीर रूप से झुलसे किशोर को प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ रेफर किया गया था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
देहात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत कीर्तनपुर के रहने वाला 15 वर्षीय आतिफ रविवार शाम करीब सात बजे अटल उपवन के पास मवेशी चरा रहा था। इसी दौरान वह बाग में लगे एक पेड़ पर चढ़ गया। पेड़ के ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे में उसका एक पैर कटकर पेड़ पर ही लटक गया।
घटना की सूचना मिलने पर परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए लखनऊ रेफर कर दिया। देर रात करीब 12 बजे लखनऊ ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। देहात कोतवाल दद्दन सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना से गांव में शोक की लहर है।