बागपत में बवाल के बाद बड़ी कार्रवाई, महिला चौकी प्रभारी समेत 14 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर

अहमदशाहरपुर पदड़ा गांव में लगातार तीन दिन हुए थे झगड़े, सीओ की जांच में प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आने पर एसपी ने की कार्रवाई

बागपत में बवाल के बाद बड़ी कार्रवाई, महिला चौकी प्रभारी समेत 14 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर

बागपत, 22 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के अहमदशाहरपुर पदड़ा गांव में स्थित शास्त्री स्मारक इंटर कॉलेज में बवाल के बाद एसपी पूर्णेंदु सिंह ने गुरुवार काे चौकी प्रभारी और दरोगा समेत 14 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है। सीओ की जांच में चाैकी प्रभारी व अन्य पुलिस कर्मियाें की लापरवाही सामने के बाद यह कार्रवाई की गयी है। इस मामले में झगड़ा करने वालाें के खिलाफ भी मुकदमे दर्ज किये गये हैं और कई लाेगाें की गिरफ्तारी भी हुई है।

बागपत कोतवाली क्षेत्र के अहमदशाहरपुर पदड़ा गांव में 18, 19 और 20 अक्टूबर को लगातार झगड़े हुए थे। इन घटनाओं के संबंध में 21 अक्टूबर को बागपत कोतवाली में तीन अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए। इनमें मुकदमा अपराध संख्या 721/2026, 726/2026 और 729/2026 शामिल हैं। एसपी बागपत पूर्णेन्दु सिंह का कहना है कि टटीरी चौकी प्रभारी पर घटनाओं की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को नहीं देने और विवादों के संबंध में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई नहीं पर यह कार्रवाई की गई है। मामले में क्षेत्राधिकारी नगर सुकन्या शर्मा ने रिपोर्ट भेजी थी। इसके आधार पर चौकी पर तैनात सभी पुलिसकर्मियों की प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आने पर कुल 14 पुलिसकर्मियों को पुलिस लाइन स्थानांतरित कर दिया गया।

संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता के निर्देश

एसपी बागपत पूर्णेन्दु ने जिले के सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने, विवाद या संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल नियमानुसार कार्रवाई करने और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने पर जोर दिया है। पुलिस अधिकारियों को कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए हैं।