भारत हिन्दू राष्ट्र बनेगा, यह संकल्प हमारा है : पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री

भारत को महाभारत नहीं महान भारत बनाना है

भारत हिन्दू राष्ट्र बनेगा, यह संकल्प हमारा है : पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री

प्रयागराज, 22 अप्रैल । प्रयाग उत्थान समिति के अध्यक्ष डॉ उदय प्रताप सिंह द्वारा श्री बागेश्वर धाम सरकार की अरैल क्षेत्र में आयोजित राष्ट्र हनुमंत कथा के द्वितीय दिवस पर पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री महाराज ने व्यासपीठ पूजन के बाद श्रद्धालुओं को सम्बोधित किया।

उन्होंने कहा 24 में 08 घंटे आराम करो, 08 घंटे काम और बाकी 08 घंटे में सब काम करते हुए भजो राम का नाम। हिन्दुओं एक हो और जात पात की करो विदाई हिंदू-हिन्दू भाई और सब लोग एक हाथ में माला रखो और दूसरे हाथ में भाला रखो। जो तुमसे जलते हैं उन्हें जलने दो तुम अपना जलवा बरकरार रखो और संकल्प लो भारत हिन्दू राष्ट्र बने और यही संकल्प हमारा है।

उन्होंने सुंदरकाण्ड का वर्णन करते हुए कहा कि हनुमान जी जब रावण के सामने गये तो डरे नहीं बल्कि आंख से आंख मिलाकर संवाद किया। जब लंका जलाकर हनुमान राम जी के पास पहुंचे तो राम ने कहा तुमने लंका क्यों जलाई, तो हनुमान जी ने कहा कि लंका हमने नहीं जलाई हमारी पूंछ ने जलाई। कहा कि माता सीता के श्राप ने मुनियों के ताप ने आपके प्रताप ने, रावण के पाप ने और हमारे बाप ने लंका जलाई।

आगे कथा श्रवण कराते हुए धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि अगर जीवन को सुंदर बनाना है तो जीवन में एक सूत्र अपनाएं अपने जीवन से व्यर्थ को हटा दो जीवन सुंदर बन जाएगा और जो प्राप्त हो जीवन में वही पर्याप्त है। बस यही सुखी होने का मंत्र है। उन्होंने कहा कि पागलों जीवन में कीचड़ और लीचड़ दोनों से बचो और चार कदम चोर से और चालीस कदम लतखोर से और चार सौ कदम चुगुलखोर से दूर रहोगे तो जीवन सफल हो जाएंगे।

कथा के दौरान कार्यक्रम के मुख्य संयोजक डॉ उदय प्रताप सिंह ने अतिथि के रूप में आए पूज्य चिदानंद मुनि, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, विधायक रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया, सासंद मनोज तिवारी, पूर्व सांसद भोजपुरी अभिनेता दिनेश लाल निरहुआ, महाभारत सीरियल दुर्योधन का अभिनय करने वाले अभिनेता पुनीत ईस्सर और युधिष्ठिर का किरदार निभाने वाले अभिनेता गजेंद्र सिंह, महापौर गणेश केसरवानी, एम एल सी सुरेंद्र चौधरी को अंगवस्त्रम पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। भव्य आयोजन को लेकर सभी अतिथियों ने डॉ उदय प्रताप सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया और बधाई दी।

हनुंमत कथा में आचार्य चिदानंद मुनि ने कहा कि सनातन धर्म का नव चेतना का समय है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सनातन धर्म का नव जागरण हुआ है। देश के अंदर करोड़ों सनातनी अयोध्या, काशी, महाकाल उज्जैन प्रयागराज का कुंभ मेला में सनातन की शक्ति और भक्ति दिखा रहा है।

इस दौरान उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद ने कहा कि हनुमान कथा भारत के हर ज़िले में हो और आने वाले दिनों में पाकिस्तान में भी हो और हनुमान जी अपने सभी भक्तों का कष्ट हरे।

--अब भारत हिन्दू राष्ट्र बनेगा : पुनीत ईस्सरहनुमंत कथा में आए महाभारत सीरियल के दुर्योधन बने पुनीत ईस्सर ने कहा कि अब भारत हिन्दू राष्ट्र जरूर बनेगा और अब हमें शास्त्र विद्या के साथ शस्त्र विद्या का ज्ञान लेना होगा और अपने बच्चों को सनातन धर्म से अवगत कराएं और धर्म परिवर्तन, लव जिहाद से बचाएं।

--जो राम का नहीं वो किसी काम का नहीं : निरहुआहनुमंत कथा में अपने अंदाज में गीत गाते हुए निरहुआ ने संदेश दिया ““जिसके बिना न काम’ चलता वो मेरे हनुमंता““ हरे राम हरे राम राम राम हरे““ ““जो मेरे राम का नहीं वो किसी काम का नहीं““

इस दौरान विधायक रघुराज प्रताप सिंह ने कहा कि वंदे मातरम् का विरोध करने वाले नेताओं की ऐसी की तैसी करने में देरी मत लगाना चाहे जिस दल का नेता हो। इस दौरान व्यापारी नेता उमेश चंद्र केसरवानी एवं राजेश केसरवानी ने पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को गदा भेंट किया।

समिति के प्रवक्ता राजेश केसरवानी ने बताया कि 23 अप्रैल को शाम 4 बजे बाबा बागेश्वर सरकार का दिव्य दरबार लगाया जाएगा और भक्तों अर्जी स्वीकार करेंगे। इस अवसर पर विनय प्रताप सिंह अजीत सिंह, धीरेंद्र प्रताप सिंह, राजेश केसरवानी अभिषेक ठाकुर, दिलीप चतुर्वेदी, पार्षद राकेश जायसवाल, निखिल पांडे, शिवम अग्रहरी, अभिलाष केसरवानी शत्रुघ्न जायसवाल रोशनी अग्रवाल, अनामिका दास, सत्या जायसवाल, अतुल खन्ना आदि समिति के कार्यकर्ता सेवा कार्य में जुटे रहे।