अयोध्या : मूलधन जमा कराएं, ब्याज से पाएं मुक्ति, नगर निगम ने शुरू की ओटीएस योजना
-पहले दिन 12 बकायेदारों ने किया आवेदन, नगर निगम ने की लोगों से की लाभ उठाने की अपील
अयोध्या, 17 अगस्त । गृहकर और जलकर के बकायेदारों को राहत देने के लिए नगर निगम अयोध्या ने वन टाइम सेटलमेंट (ओटीएस) योजना शुरू कर दी है। योजना के तहत बकायेदारों को केवल मूलधन जमा करना होगा। मूलधन पर अब तक लगा ब्याज माफ कर दिया जाएगा। योजना के पहले ही दिन 12 बकायेदारों ने आवेदन कर इस योजना का लाभ लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
नगर निगम अयोध्या के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी गजेंद्र कुमार ने साेमवार काे बताया कि नगर निगम क्षेत्र में जिन भवन स्वामियों पर गृहकर अथवा जलकर बकाया है, वे ओटीएस योजना के तहत अपना बकाया निस्तारित करा सकते हैं। मूलधन जमा किए जाने पर उस पर देय ब्याज को माफ करने का प्रावधान किया गया है। इससे लंबे समय से बकाया कर वाले नागरिकों को बड़ी आर्थिक राहत मिलेगी।
योजना के शुभारंभ के पहले दिन नगर निगम सभागार में अपर नगर आयुक्त सुमित कुमार और जोनल अधिकारी सुभाष त्रिपाठी की मौजूदगी में बकायेदारों से आवेदन लिए गए। अधिकारियों ने आवेदकों के प्रपत्रों की जांच कर उनका निस्तारण कराया और योजना की प्रक्रिया की जानकारी दी।
गजेंद्र कुमार ने बताया कि ओटीएस योजना से एक ओर जहां करदाताओं को बकाया ब्याज से राहत मिलेगी, वहीं दूसरी ओर नगर निगम के लंबित राजस्व की वसूली में तेजी आएगी। उन्होंने बकायेदारों से अपील की कि योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाते हुए समय रहते आवेदन करें और मूलधन जमा कर अपने बकाये का निस्तारण कराएं।-----------------