अयोध्या में शिक्षक MLC चुनाव को लेकर भाजपा की तैयारी तेज, 3075 मतदाताओं पर फोकस

पार्टी की बैठक में कार्यकर्ताओं को 20 शिक्षकों से संपर्क की जिम्मेदारी, जिले के 15 पोलिंग स्टेशनों पर होगी मतदान की व्यवस्था

अयोध्या में शिक्षक MLC चुनाव को लेकर भाजपा की तैयारी तेज, 3075 मतदाताओं पर फोकस

अयोध्या, 11 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के जनपद अयाेध्या में शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने रविवार काे एक बैठक कर प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता को 20 शिक्षकों से संपर्क करने की जिम्मेदारी सौंपी है। मतदान केंद्रों पर समन्वय के लिए जनप्रतिनिधियों को पोलिंग स्टेशन का प्रभारी बनाया गया है। महिला शिक्षकों से संपर्क करने के लिए महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं को लगाया गया है। चुनाव की तैयारियों को लेकर पार्टी कार्यालय सहादतगंज में पदाधिकारियों की बैठक हुई, जिसमें संपर्क अभियान और मतदान केंद्रों की जिम्मेदारियों पर चर्चा की गई।

पार्टी की ओर से उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, अयोध्या जिले में कुल 3075 मतदाता हैं। इनमें महानगर क्षेत्र के 1022 और ग्रामीण क्षेत्र के 2053 मतदाता शामिल हैं। इनके लिए जिले में 15 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। मतदाताओं की संख्या को देखते हुए पार्टी की ओर से जिले में विशेष ध्यान देने की बात कही गई। बैठक में बताया गया कि सोमवार को गोरखपुर में शिक्षक सम्मेलन आयोजित होगा, जिसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी संबोधित करेंगे। इसके बाद प्रधानाचार्यों और शिक्षकों के सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से शिक्षकों से संवाद और संपर्क बढ़ाने की योजना है।

बैठक में प्रदेश मंत्री शिव भूषण सिंह ने कहा कि शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर पार्टी संगठन स्तर पर तैयारियां कर रही है। पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को शिक्षकों से संपर्क करने की जिम्मेदारी दी गई है, ताकि चुनाव से संबंधित विषयों पर संवाद स्थापित किया जा सके। क्षेत्रीय उपाध्यक्ष व चुनाव प्रभारी अवध क्षेत्र अवधेश पाण्डेय बादल ने कहा कि चुनाव की तैयारियों में संगठन के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। पोलिंग स्टेशन स्तर पर जिम्मेदारियां तय की गई हैं और शिक्षक मतदाताओं से संपर्क अभियान को व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाया जा रहा है। महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि महानगर क्षेत्र में 1022 शिक्षक मतदाता हैं।

महिला शिक्षकों से संपर्क के लिए महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी की ओर से मतदान केंद्रों के स्तर पर तैयारियों और संपर्क अभियान चलाए जा रहे हैं।

बैठक में विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, जिला पंचायत प्रशासक रोली सिंह, जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी, उदया ग्रुप के चेयरमैन चन्द्र प्रकाश तिवारी, शंकर दयाल पाण्डेय, राघवेन्द्र पाण्डेय, डा राकेश मणि त्रिपाठी, क्षेत्रीय मंत्री काशीराम, सहकारी बैंक के सभापति धर्मेन्द्र प्रताप सिंह टिल्लू, सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।