रिश्वत लेने के आरोपी लेखपाल विपुल तिवारी को इलाहाबाद हाईकोर्ट से जमानत
रिश्वत लेने के आरोपी लेखपाल विपुल तिवारी को इलाहाबाद हाईकोर्ट से जमानत
प्रयागराज, 19 नवंबर । इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने रिश्वतखोरी के आरोप में जेल में बंद लेखपाल विपुल तिवारी को जमानत दे दी है। न्यायमूर्ति विक्रम डी. चौहान की एकल पीठ ने यह आदेश पारित किया। मामले में लेखपाल को एंटी करप्शन टीम ने ट्रैप कर गिरफ्तार किया था।
अभियोजन के अनुसार, लेखपाल पर आवंटन की कार्यवाही के बदले 20 हजार रुपये की मांग का आरोप है। इसके बाद ट्रैप टीम गठित की गई और आरोपी को 15 हजार रुपये के साथ पकड़ा गया। उसके खिलाफ थाना एंटी करप्शन, झांसी में एफआईआर दर्ज की गई है।
आवेदक की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता ने दलील दी कि मामले में अधिकतम सजा सात वर्ष है और विचारण मजिस्ट्रेट द्वारा किया जाना है। आवेदक का कोई आपराधिक इतिहास नहीं है और वह 8 अक्टूबर 2026 से जेल में है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि रिहाई के बाद वह जमानत का दुरुपयोग नहीं करेगा और विचारण में सहयोग करेगा। कोर्ट ने कहा कि राज्य की ओर से न तो आपराधिक इतिहास का कोई तथ्य पेश किया गया, न ही यह बताया गया कि आरोपी ने जांच या ट्रायल में असहयोग किया। साक्ष्यों से छेड़छाड़, गवाहों को धमकाने या फरार होने की आशंका का भी कोई आधार नहीं दिखाया गया। कोर्ट ने कहा कि "जमानत नियम है और जेल अपवाद", जो संविधान के अनुच्छेद 21 की कसौटी पर मान्य सिद्धांत है। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि जमानत का उद्देश्य मुकदमे में आरोपी की उपस्थिति सुनिश्चित करना है।