आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर भीषण हादसा: डंपर-कंटेनर की टक्कर के बाद लगी आग, दो लोगों की जिंदा जलकर मौत

आगरा के खंदौली में सुबह करीब 6 बजे हुआ हादसा, दो सब्जी विक्रेता घायल; हाईवे पर पांच किलोमीटर लंबा जाम लगा।

आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर भीषण हादसा: डंपर-कंटेनर की टक्कर के बाद लगी आग, दो लोगों की जिंदा जलकर मौत

आगरा , 03 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर शनिवार सुबह डंपर और कंटेनर की टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसे में दो लोगों की जलकर मौत हो गई, जबकि बाइक सवार दो सब्जी विक्रेता घायल हो गए। दुर्घटना के बाद हाईवे पर करीब पांच किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

एत्मादपुर सर्किल के एसीपी देवेश सिंह ने बताया कि हादसा खंदौली क्षेत्र में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने सुबह करीब छह बजे हुआ। डंपर और कंटेनर की टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि दोनों वाहन जलकर राख हो गए। हादसे में आकाश (25) और करुआ (24) की जलकर मौत हो गई। दोनों राजस्थान के धौलपुर जिले के थाना मनिया क्षेत्र के कोड़रा का पूरा गांव के रहने वाले हैं।

एसीपी ने बताया कि मंडी से सब्जी खरीदकर बाइक से लौट रहे नगला जालिम, खंदौली निवासी सुमित (23) और शीटू (24) भी हादसे की चपेट में आकर घायल हो गए। दोनों सब्जी विक्रेता हैं। हादसे में उनकी बाइक भी आग की चपेट में आकर जल गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे के बाद आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब पांच किलोमीटर तक जाम रहा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराने की कार्रवाई शुरू की। शवों को पोस्टमार्टम भेजते हुए पुलिस हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।