लखनऊ में युवक की पीट-पीटकर हत्या
लखनऊ में युवक की पीट-पीटकर हत्या
लखनऊ, 21 दिसंबर । उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात काे एक युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी। एक आरोपित को हिरासत में लिया गया है।
पारा थाना प्रभारी सुरेश सिंह ने रविवार काे बताया कि शनिवार देर रात को 02:15 बजे पीआरवी के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम पारूखेड़ा में एक व्यक्ति की हत्या हो गई है। सूचना पाकर तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो देखा कि पारूखेड़ा निवासी शिव प्रकाश (26) शव घर के बाहर सड़क पर खून से लथपथ हालत में पड़ा है। प्रारंभिक जांच में मृतक के सिर पर लोहे की रॉड जैसी भारी वस्तु से कई वार किए जाने के निशान पाए गए।
पूछताछ में परिजनों से पता चला है कि शिव प्रकाश भट्टे पर मजदूरी करता था। उसका गांव के ही सतीश से पुराना विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते सतीश रात में घर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए गेट पर लात मारने लगा। गेट खुलते ही आरोपित ने शिव प्रकाश को घसीटते हुए सड़क पर लाकर मारपीट शुरू कर दी। लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। बीच-बचाव में शिव प्रकाश की पत्नी पर चोटिल हो गई। भीड़ के एकत्र होने पर आरोपित वहां से भाग निकला।
थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के पिता शिवदीन की तहरीर के आधार पर थाना पारा में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपित सतीश को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी हैं।