प्रधानमंत्री पर सपा सांसद की टिप्पणी के विरोध में महिलाओं ने किया प्रदर्शन

प्रधानमंत्री पर सपा सांसद की टिप्पणी के विरोध में महिलाओं ने किया प्रदर्शन

प्रधानमंत्री पर सपा सांसद की टिप्पणी के विरोध में महिलाओं ने किया प्रदर्शन

अयोध्या, 14 मई । समाजवादी पार्टी (सपा) के हमीरपुर-महोबा सांसद अजेन्द्र सिंह लोधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महिला मोर्चा की महिलाओं ने जोरदार प्रदर्शन किया।

महिला कार्यकर्ता कचहरी गेट स्थित कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचीं। उनके हाथों में बैनर और पोस्टर थे। पोस्टरों पर “अखिलेश यादव शर्म करो”और “प्रधानमंत्री का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान” जैसे नारे लिखे हुए थे। महिला कार्यकर्ताओं ने समाजवादी पार्टी और उसके सांसद के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। काफी देर तक विरोध प्रदर्शन चलता रहा। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस भी मौके पर मौजूद रही।

इस दौरान विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की जनता की भावनाओं का प्रतिनिधित्व करते हैं। उनके खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणी पूरे देश का अपमान है। इस तरह के बयानों से सपा नेताओं की विकृत मानसिकता प्रदर्शित होती है।

महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि समाजवादी पार्टी के नेताओं की भाषा लगातार मर्यादा विहीन होती जा रही है। जनता ऐसे नेताओं को कभी माफ नहीं करेगी।

जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी ने कहा कि विपक्ष राजनीतिक लाभ के लिए व्यक्तिगत टिप्पणी पर उतर आया है। यह लोकतंत्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है।

जिला उपाध्यक्ष रीना द्विवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विश्व पटल पर नई पहचान बना रहा है। ऐसे में उन पर की गई अमर्यादित टिप्पणी न केवल प्रधानमंत्री बल्कि देश की करोड़ों जनता का भी अपमान है।

प्रदर्शन करने वालों में अशोका द्विवेदी, शशिकला प्रजापति, शकुंतला गौतम, यमुनोत्री केसरवानी, राजकुमारी, शशिरानी शर्मा, मोनिका सिंह, सीता सिंह, नीलम जायसवाल, सीता शर्मा, मंजू गुप्ता, अनीता द्विवेदी, नीता शर्मा, सुधा पाण्डेय, स्वाती सिंह, प्रज्ञा श्रीवास्तव, सुषमा सिंह, सहित अन्य महिलाएं शामिल रहीं।