बिजनौर में बाघ दिखने पर ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग ने लगाया पिंजरा
बिजनौर में बाघ दिखने पर ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग ने लगाया पिंजरा
बिजनौर, 13 नवंबर । उत्तर प्रदेश के बिजनाैर जनपद में पिछले चार साल से गुलदारों के आतंक से निजात नहीं मिल पा रही है। ऐसे में अब रायपुर गांव में गुरुवार की सुबह बाघ की सक्रियता से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। पतरामपुर वन क्षेत्र से सटे इस गांव में बाघ की मौजूदगी के कारण किसान और श्रमिक खेतों में जाने से डर रहे हैं। वन विभाग ने बाघ को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया है और गश्त बढ़ा दी है। यह स्थिति नगीना वन रेंज के इमरतपुर, सुआवाला और फाजलपुर मच्छमार जैसे गांवों में बाघ का आतंक थमने के बाद सामने आई है।
रायपुर गांव में आज सुबह खेतों पर काम करने जा रहे किसानों ने बाघ को खेतों की पगडंडी पर घूमते देखा। उन्होंने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। बाघ देख ग्रामीण महेश सिंह, भूपेंद्र सिंह, रवि कुमार, दिलशाद अहमद, मंदीप लाहौरी और एसपी सिंह सहित कई स्थानीय निवासियों ने वन विभाग काे इसकी जानकारी दी। उन्हाेंने बाघ को पकड़कर सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ने की मांग की है।
बाघ की जानकारी मिलते ही पतरामपुर के वन क्षेत्राधिकारी देवेंद्र रजवार अपनी टीम के साथ माैके पर पहुंचे। उन्हाेंने बाघ के निशान देखे। वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि बाघ को फंसाने के लिए उसके संभावित विचरण क्षेत्र में एक पिंजरा लगाया गया है। वनकर्मियों की गश्त बढ़ा दी गई है और ग्रामीणों से सतर्कता बरतने की अपील की गई है।